परावा से सरोठिया सड़क मार्ग पर बुधवार शाम करीब 7 बजे बोलेरो और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सांडवा के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च रेफरल केंद्र भेजा गया। यह हादसा परावा गांव से करीब एक किलोमीटर आगे हुआ। चारों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर गांव पारेवड़ा में खेजड़ी छंगाई का काम करके अपने गांव सरोठिया लौट रहे थे। तभी सुजानगढ़ की तरफ से आ रही एक बोलेरो गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल हुए युवकों की पहचान सरोठिया निवासी बाबूलाल पुत्र छोटाराम मेघवाल, ज्ञानाराम पुत्र रामुराम मेघवाल, हरीराम पुत्र भींयाराम मेघवाल और तिलोकाराम पुत्र सुरजाराम मेघवाल के रूप में हुई है। घायलों को परावा गांव के ग्रामीणों ने अपने निजी वाहनों से सांडवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, आपातकालीन स्थिति में अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। कंपाउंडर प्रमोद गुर्जर और एएनएम तारावती ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। ग्रामीणों ने हादसे की सूचना सांडवा पुलिस को दी। थानाधिकारी सीआई चौथमल वर्मा जाप्ते सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और अपनी मौजूदगी में घायलों का प्राथमिक उपचार सुनिश्चित करवाया। ज्ञानाराम और एक अन्य युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। ज्ञानाराम के सिर में गंभीर चोट लगी है, जबकि बाबूलाल का पैर टूट गया है। प्राथमिक उपचार के बाद, गंभीर रूप से घायल युवकों को निजी वाहनों और 108 एंबुलेंस की मदद से उच्च रेफरल केंद्र भेजा गया।
