राजस्थान के अरशान खान ने इंडोनेशिया में आयोजित मिस्टर वर्ल्ड बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में 100 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने इस प्रतियोगिता में 30 देशों के खिलाड़ियों को हराकर यह उपलब्धि हासिल की। राजस्थान बॉडी बिल्डिंग संघ के अध्यक्ष नवीन यादव ने बताया कि यह चैंपियनशिप 11 से 17 नवंबर तक आयोजित की गई थी। अरशान का यह प्रदर्शन भारत के लिए सर्वश्रेष्ठ रहा और उन्होंने राजस्थान के लिए एक नया इतिहास रचा है। इससे पहले, अरशान खान ने गत अगस्त माह में आयोजित 56वीं एशियन चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन किया था, जहां उन्हें एशिया का नंबर वन खिलाड़ी चुना गया था। यह उनकी दूसरी बड़ी अंतरराष्ट्रीय जीत है। अरशान खान को उनकी इस ऐतिहासिक जीत पर बधाई देने वालों में राजस्थान के पूर्व बॉडी बिल्डर विजय पूनिया, राज्य संघ के सचिव अशोक औदिच्य, कोषाध्यक्ष राजेश यादव और अंतरराष्ट्रीय कोच प्रदीप बारासा शामिल हैं।
