जगराओं में साइकिल पर गांव-गांव जाकर कपड़े बेचने वाले एक व्यक्ति के साथ लूटपाट की वारदात हुई। पीड़ित की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना जोधा में मामला दर्ज किया गया है। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान कुलदीप सिंह उर्फ बंटी, निवासी गांव रूड़का, के रूप में हुई है। जबकि दूसरा आरोपी साहिब सिंह निवासी गांव ढट अभी फरार चल रहा है। थाना जोधा के एएसआई दलविंदर सिंह के अनुसार, पीड़ित शाहिद अफरीक (निवासी कचामा, जम्मू-कश्मीर, हाल वासी मुल्लापुर) ने शिकायत दर्ज कराई है। शाहिद ने बताया कि वह पिछले 18 सालों से पंजाब में गर्म कपड़े बेचने का काम करते हैं और मुल्लापुर में किराए के मकान में रहते हैं। आरोपियों ने पीड़ित से पुल में छीने रुपए पीड़ित के मुताबिक, यह घटना उस समय हुई जब वह गांव पमाल में अपने परिचित दो लोगों को बादाम व अखरोट देकर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वह गांव पमाल और गांव रूड़का के बीच स्थित सूए पुल के पास पहुंचे, दो बाइक सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया और उनकी जेब से 15,700 रुपए जबरन निकाल लिए। इसके बाद आरोपी बाइक पर फरार हो गए। शाहिद ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जांच के दौरान पता चला कि लूट करने वालों में से एक कुलदीप सिंह उर्फ बंटी है। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर 6,000 रुपए बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी कुलदीप सिंह पर पहले से ही हत्या, रेप और लूटपाट सहित पांच गंभीर मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। यह उसके खिलाफ दर्ज छठा मामला है।
