पंजाब के जालंधर में नगर निगम विभाग ने आज रैनक बाजार और टिक्की वाला चौक पर अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान एक दुकानदार ने अपना सिलेंडर जब्त किए जाने पर दवा खाकर जान देने की धमकी दी। यह कार्रवाई ऐसे समय में की गई है जब दो दिन पहले भी इसी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाया गया था। हालांकि, टीम के जाने के बाद दुकानदार फिर से अवैध कब्जे कर लेते हैं। स्थानीय लोग इसे नगर निगम इंस्पेक्टर अमित और थाना 4 की टीम की ‘खानापूर्ति’ बता रहे हैं। निगम टीम द्वारा कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी की जाती है। लेकिन, टीम के बाजार में पहुंचने से पहले ही दुकानदारों को सूचना मिल जाती है और वे अवैध कब्जे हटाना शुरू कर देते हैं। टीम के जाने के बाद बाजार में फिर से अवैध कब्जे शुरू हो जाते हैं, जिससे प्रशासन की कार्रवाई का कोई खौफ दुकानदारों में नहीं दिखता। दो दिन पहले सिलेंडर जब्त हुआ था टिक्की वाला चौक पर एक दुकानदार ने दो दिन पहले भी अवैध कब्जा किया था, जिस पर टीम ने उसका सिलेंडर उठा लिया था। आज फिर उसी जगह पर दुकानदार द्वारा अवैध कब्जा किया गया, जिसके बाद टीम ने दोबारा सिलेंडर जब्त कर लिया और चेतावनी दी। इस कार्रवाई के दौरान दुकानदार भड़क गया और दवा खाकर जान देने की धमकी देने लगा। नगर निगम इंस्पेक्टर अमित ने बताया कि आज दुकानदारों को चेतावनी के साथ चालान भी काटे जाएंगे। दुकानदार ने यह भी स्वीकार किया कि प्रशासन के जाने के बाद सभी दुकानदार फिर से अवैध कब्जे कर लेते हैं।
