मानसा जिले में बीते कल मोटर कनेक्शन न मिलने से परेशान एक किसान ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक किसान ने मारने से पहले एक सुसाइड नोट लिखा था, जिसमें उसने बिजली विभाग के दो अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया था। भीखी पुलिस ने अब इस मामले में एक रिटायर्ड एसडीओ और एक मौजूदा एसडीओ के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। मृतक किसान की पहचान धलेवां निवासी 60 वर्षीय जगराज सिंह के रूप में हुई है। उनकी पत्नी बलजीत कौर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनके पति ने करीब 14-15 साल पहले गुरने कलां के एक किसान से मोटर कनेक्शन लिया था, जो उनके खेत में चल रहा था। कनेक्शन न मिलने परेशान था किसान बलजीत कौर के अनुसार, जगराज सिंह मोटर कनेक्शन अपने नाम करवाने के लिए भीखी में तत्कालीन एसडीओ राजेंद्र सिंह उरोही और जेई मनजिंदर पाल सिंह से लगातार संपर्क कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को सभी आवश्यक दस्तावेज सौंपे थे और रिश्वत भी दी थी। हालांकि, कई चक्कर लगाने के बावजूद उनका कनेक्शन उनके नाम नहीं किया गया, जिससे परेशान होकर जगराज सिंह ने यह कदम उठाया। किसान नेता महेंद्र सिंह ने भी इस बात की पुष्टि की कि तत्कालीन एसडीओ और जेई ने जगराज सिंह से रिश्वत ली थी, लेकिन मोटर कनेक्शन उनके नाम नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि अधिकारियों द्वारा लगातार टालमटोल की जा रही थी। इस घटना के बाद किसानों ने भीखी पुलिस थाने का घेराव किया, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया। बठिंडा में तैनात है एसडीओ थाना भीखी के इंचार्ज सुखजीत सिंह ने बताया कि मृतक किसान की पत्नी बलजीत कौर के बयानों के आधार पर राजेंद्र सिंह उरोही और मनजिंदर पाल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। राजेंद्र सिंह उरोही अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि मनजिंदर पाल सिंह, जो उस समय जेई थे, अब एसडीओ के पद पर बठिंडा में तैनात हैं।
