फाजिल्का जिले के खुईखेड़ा गांव के पास मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपत्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में खुईखेड़ा निवासी रविंद्र कुमार और उनकी पत्नी सुमन गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद रविंद्र कुमार को अबोहर के सरकारी अस्पताल से आगे के इलाज के लिए रेफर किया गया है। खुईखेड़ा सीएचसी सेंटर के एम्बुलेंस कर्मी के अनुसार, घटना गांव के स्कूल के पास हुई। एक तेज रफ्तार कार चालक ने दंपत्ति की बाइक को टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े और बुरी तरह घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को पहले खुईखेड़ा सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अबोहर अस्पताल भेजा गया। अबोहर के डॉक्टरों ने बताया कि रविंद्र कुमार के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनकी पत्नी सुमन भी घायल हैं। डॉक्टरों ने रविंद्र की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार कार चालक की तलाश जारी है।