अलवर शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र स्थित सामोला चौक पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में हरियाणा पुलिस के कांस्टेबल की मौत हो गई। मृतक रामकिशोर पुत्र लल्लूराम, निवासी सरेटा (तिजारा), हरियाणा के नूंह जिले में कांस्टेबल के पद पर तैनात था। वह अलवर में अपने परिचित के विवाह समारोह में शामिल होने आया था, तभी यह हादसा हो गया। एएसआई शंकर लाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि सामोला चौक पर पिकअप वाहन और बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई है। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि गंभीर रूप से घायल बाइक सवार पुलिसकर्मी को 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मृतक के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, परिजनों को सूचना दे दी गई है और सुबह पोस्ट मार्टम की कार्रवाई की जाएगी।