पंजाब के नवांशहर में बस स्टैंड में सोमवार को ताबड़तोड़ गोलियां चलीं। गोलियां लगने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि 4 घायल हो गए। दुकानदारों के मुताबिक 2 कारें एक-दूसरे का पीछा कर रही थीं। इनमें एक गाड़ी स्कॉर्पियो थी। इसका पीछा कर रही दूसरी कार में सवार युवकों ने बंगा बस अड्डे पर पहुंचते ही 35-40 राउंड गोलियां चलाई। इससे स्कॉर्पियो में सवार हनी बल, साहिल, दीपा, सूजल और रिंपल घायल हो गए। सभी को बंगा के गुरु नानक मिशन अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां से गंभीर घायल रिंपल को लुधियाना रेफर किया, मगर उसकी मौत हो गई है। पुलिस ने बताया कि गोलियां चलाने वाले और घायल युवकों का क्रिमिनल रिकॉर्ड है। इन पर किस थाने में क्या केस हैं, उनकी डिटेल भी निकाली जा रही है। सभी युवक 25 से 30 साल की उम्र के हैं। अभी किसी के खिलाफ FIR नहीं की है। दुकानदार की 2 अहम बातें… मौके पर पहुंची पुलिस, घटना की जांच शुरू
गोलियां चलने की सूचना बस अड्डे पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गोलियों से छलनी स्कॉपियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद आस-पास के लोगों से पूछताछ की गई। अभी घटना के पीछे की असली वजह सामने नहीं आ पाई है। दूसरी गाड़ी में सवार लोग मौके से भाग गए हैं। CCTV कैमरों को चेक किया जा रहा है। दुकानदारों के मुताबिक गोली चलाने वाले I-20 कार में सवार थे। पुलिस बोली- घायलों के नाम पता कर रहे हैं
बंगा सिटी थाना प्रभारी राकेश ने कहा कि कितने फायर हुए, इसका पता नहीं चल पाया है। इस मामले की जांच कर रहे हैं। कितने लोग आए थे और कितनी गाड़ियों में थे, इसकी अभी जानकारी नहीं मिल पाई है।