कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी में कांग्रेसी नेता पर फायरिंग मामले में पुलिस ने मुख्य शूटर सहित 8 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल पिस्टल और बाइक भी बरामद की है। एसपी (डी) प्रभजोत सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्य शूटर पर पहले से 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। जबकि उसके एक साथी पर तीन मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। 2 बाइक सवार बदमाशों ने की थी फायरिंग एसपी प्रभजोत सिंह ने बताया कि 1 नवंबर को सुल्तानपुर लोधी थाना क्षेत्र में जिला परिषद के पूर्व उप-चेयरमैन और कांग्रेसी नेता हरजिंदर सिंह पर दो बाइक सवार बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। इस संबंध में सुल्तानपुर लोधी थाने में मामला दर्ज किया गया था। सुल्तानपुर लोधी के डीएसपी और सीआईए स्टाफ की टीम ने ह्यूमन इंटेलिजेंस और टेक्निकल टीम की मदद से इस मामले को सुलझाया। पुलिस ने रेकी करने वाले विक्रमजीत सिंह को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर मुख्य शूटर अजय कुमार उर्फ बिल्ला को भी पकड़ा गया। 4 अन्य आरोपियों की तलाश जारी दोनों आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल 30 बोर का पिस्टल और बाइक बरामद की गई। जांच में पता चला है कि इस मामले में कुल 12 लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें से 8 को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अन्य 4 आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस वारदात को विदेश में बैठे जगदीप सिंह उर्फ जग्गा ने अपने साथियों की मदद से अंजाम दिया था।
