लुधियाना के मुल्लापुर दाखा के हसनपुर में आवारा और खूंखार कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कुत्तों ने खेतों के पास पिता के साथ खेल रहे 12 वर्षीय अविजोत सिंह पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और रोष का माहौल है। पीड़ित बच्चे के पिता प्रितपाल सिंह ने बताया कि उनका घर पमाल लिंक रोड पर है और पास ही उनके खेत हैं। शाम लगभग साढ़े 4 बजे वे खेत में पत्ते काटने गए थे। उनका बेटा अविजोत भी साथ था। पास के खेत में उनका भाई काली गेहूं की बुआई कर रहा था। उसी दौरान खेतों के पास बैठे 7–8 आवारा कुत्तों के झुंड में से दो कुत्ते अचानक अविजोत पर टूट पड़े। बच्चे को गिरते देख उसका चाचा काली तुरंत दौड़ा और उसके ऊपर लेटकर उसे बचाने की कोशिश की। शोर सुनकर प्रितपाल सिंह भी मौके पर पहुंचा और जोर से चिल्लाकर कुत्तों को वहां से भगाया। गंभीर रूप से घायल अविजोत को तुरंत डीएमसी अस्पताल ले जाया गया। डीएसपी, पशु चिकित्सा अधिकारी मौके पर पहुंचे घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी वरिंदर सिंह खोसा, एसएचओ हमराज सिंह चीमा और पशु-चिकित्सा अधिकारी पुरुषोत्तम सिंह मुल्लांपुर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि आवारा कुत्तों के बढ़ते खौफ से निपटने के लिए जल्द ही ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। पहले भी हो चुकी हैं जानलेवा घटनाएं इसी साल 5 जनवरी को आवारा कुत्तों ने गांव हसनपुर में एक मजदूर के बच्चे को नोच डाला था। जिससे बच्चे की मौत हो गई थी। इसके मात्र पांच दिन बाद 11 जनवरी को किसान रणधीर सिंह के पुत्र को भी कुत्तों ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया था। इसके अलावा पमाल गांव के एक डेयरी फार्म में भी कुत्तों ने हमला कर कई पशुओं को मार दिया था। हसनपुर में भी एक बछड़े और कट्टे पर हमला कर उन्हें खत्म कर दिया था। कार्रवाई न हुई तो आंदोलन होगा: जगरूप हसनपुर भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश प्रधान जगरूप सिंह हसनपुर ने कहा कि गांवों में आवारा कुत्तों का आतंक दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। यदि प्रशासन ने इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला, तो हम अन्य किसान संगठनों के साथ मिलकर बड़ा संघर्ष शुरू करेंगे। अन्य गांवों में भी फैल रहा भय ग्रामीणों के अनुसार, न केवल हसनपुर, बल्कि पमाल, गुज्जरवाल, गहौर सहित कई आसपास के गांवों में भी आवारा कुत्तों ने आतंक मचा रखा है। 7–8 कुत्तों का झुंड अक्सर अकेले राहगीरों और खेतों में काम कर रहे किसानों पर हमला कर देता है। मानवता सेवा भवन के पास भी कुत्तों ने दो सुअरों को मार डाला था।
