चित्तौड़गढ़– उदयपुर हाईवे पर रविवार की रात चलती ईको गाड़ी में भीषण आग लग गई। इससे गाड़ी ड्राइव कर रहे बिजनेसमैन की जिंदा जलने से मौत हो गई। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने कंट्रोल रूप को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक उसमें बैठा व्यक्ति जिंदा जल चुका था। घटना भादसोड़ा थाना क्षेत्र के नपानिया में शाम करीब 8 बजे हुई। मृतक की पहचान कारोबारी अंबालाल(35) पुत्र कन्हैया लाल निवासी सिंहपुर के रूप में हुई है, जो खुद की जेसीबी गाड़ियों को कॉन्ट्रैक्ट पर देने का बिजनेस करता था। देखिए हादसे की 2 तस्वीरें गुजर रहे लोगों ने कंट्रोल रूम को दी थी सूचना
थानाधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया- रात करीब 8:15 बजे कंट्रोल रूम से हादसे की सूचना मिली थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार- ईको गाड़ी उदयपुर से चित्तौड़गढ़ की तरफ आ रही थी। इसी दौरान उसमें आग लग गई। देखते ही देखते कुछ ही मिनटों में आग पूरी गाड़ी में फैल गई। गेट लॉक होने से उसमें बैठे अंबालाल की जिंदा जलकर मौत हो गई, जिसकी पहचान गाड़ी नंबर से की गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों से आग पर काबू पाया गया। इस दौरान हाईवे पर गाड़ियों की आवाजाही कुछ देर के लिए रोक दी गई। मृतक के परिजनों की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल जले हुए शव को गाड़ी से निकालकर स्थानीय हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया जा रहा है।