भिवाड़ी पुलिस जिले के चौपानकी थाना क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वाले बदमाशों के खिलाफ अभियान जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने आर्म्स एक्ट में वांछित आरोपी अख्तर खान को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा (315 बोर) और एक बंदूक (12 बोर) बरामद की गई है। चौपानकी थानाधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अख्तर खान (25) है। वह आर्म्स एक्ट के तहत वांछित चल रहा था। थानाधिकारी के अनुसार, रविवार को हेड कॉन्स्टेबल कमल अपनी टीम (कॉन्स्टेबल रामनरेश कुमार, सतीश कुमार और चालक जगमोहन) के साथ गश्त पर थे। उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि कायरा की ढाणी में हकमूदीन और कुर्शीद परिवारों के बीच झगड़ा हुआ था। हकमूदीन का बेटा अख्तर खान इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से हथियारों के साथ नदी की तलहटी में घूम रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम नदी के कच्चे रास्ते से मौके पर पहुंची। सामने से आ रहे एक शख्स ने पुलिस वाहन की लाइट देखकर कड़बी के ढेर की ओर छिपने का प्रयास किया। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके दाहिने हाथ में बंदूक जैसा हथियार और बाएं पैंट की जेब में पिस्टल जैसा हथियार मिला। आरोपी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और हथियार जब्त कर लिए गए।