राजस्थान में नए मुख्य सचिव की नियुक्ति के साथ ही टॉप ब्यूरोक्रेसी में भी जल्द बड़ा बदलाव होगा। सीएमओ से लेकर जिला स्तर तक बदलाव देखने को मिल सकता है। 1989 बैच के आईएएस वी. श्रीनिवास 31 अगस्त 2026 को सेवानिवृत्त होंगे। उनका 9 महीने का कार्यकाल रहेगा। प्रदेश में अप्रैल-मई में पंचायत चुनाव कराने के कोर्ट ने आदेश दिए है। हालांकि, यह माना जा रहा है कि 9 महीने बाद श्रीनिवास को केंद्र सरकार सेवा विस्तार दे सकती है। पढ़िए यह रिपोर्ट… रेस में शामिल 3 IAS की दावेदारी कमजोर क्यों पड़ी?
सीनियर ब्यूरोक्रेट्स अभय कुमार, अखिल अरोड़ा और तन्मय कुमार अपने अपने स्तर पर इस पद के लिए लॉबिंग नहीं कर पाए। वहीं वी. श्रीनिवास को दिल्ली में तैनाती और लंबे समय तक केंद्र सरकार में विभिन्न पदों पर काम करने का फायदा मिला। प्रधानमंत्री कार्यालय यानी पीएमओ में तैनात अधिकारियों से नजदीकी रही है। वरिष्ठता के लिहाज से भी वी. श्रीनिवास ही मुख्य सचिव की रेस में सबसे आगे बने हुए थे, क्योंकि उनसे सीनियर सुबोध अग्रवाल 31 दिसंबर और शुभ्रा सिंह जनवरी 2026 में सेवानिवृत्त हो रहे हैं। सीएमओ में तैनात अफसरों का कद बढ़ेगा या घटेगा
राजस्थान में सुधांश पंत के 13 महीने पहले केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे थे। सूत्र बताते हैं कि सीएमओ यानी मुख्यमंत्री कार्यालय में तैनात एक आईएएस अफसर से उनकी पटरी नहीं बैठ पा रही थी। मुख्य सचिव को बायपास करके विभागों से सीधे फाइलें मुख्यमंत्री कार्यालय मंगवाई जा रही थीं। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि नए मुख्य सचिव के आने के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय में तैनात अफसरों का कद बढ़ेगा या घटेगा? सीएमओ में 4 आईएएस अफसर मुख्यमंत्री का पूरा कामकाज देखते हैं। एसीएस टू सीएम शिखर अग्रवाल टीम को लीड कर रहे हैं। इनके अलावा आईएएस सिद्धार्थ सिहाग, संदेश नायक और अरविंद पोसवाल भी कामकाज देखते हैं। टॉप ब्यूरोक्रेसी में बदलाव के आसार
जानकारों का कहना है कि नए मुख्य सचिव अपनी पसंद की टीम बना सकते हैं। ऐसे में टाॅप-10 आईएएस अफसरों के विभागों में फेरबदल हो सकता है। सूत्र बताते हैं कि पूर्व सीएम अशोक गहलोत के प्रिंसिपल सेक्रेटरी रहे कुलदीप रांका का तबादला हो सकता है। कुलदीप फिलहाल उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव है। चर्चा है कि उन्हें मेडिकल या फिर जल संसाधन विभाग का एसीएस बनाया जा सकता है। इसी प्रकार मुख्य सचिव के प्रबल दावेदार अखिल अरोड़ा का विभाग भी बदला जा सकता है। अखिल अरोड़ा जलदाय विभाग के एसीएस हैं। उनके नजदीकी लोगों का कहना है कि अरोड़ा जलदाय विभाग में रहना नहीं चाहते हैं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की एसीएस अपर्णा अरोड़ा, जनजातीय विभाग के एसीएस कुंजीलाल मीना, अल्पसंख्यक विभाग के एसीएस अश्विनी भगत, गृह विभाग के एसीएस भास्कर ए. सावंत, जल संसाधन विभाग के एसीएस अभय कुमार, कौशल, रोजगार और उद्यमिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव संदीप वर्मा और सार्वजनिक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता का तबादला हो सकता है। 51 IAS के पास अतिरिक्त चार्ज
राजस्थान में करीब 51 IAS के पास अतिरिक्त चार्ज है। मुख्य सचिव समेत 51 आईएएस के पास 3 से 4 विभागों का अतिरिक्त चार्ज है। ऐसे में कामकाज प्रभावित हो रहा है। IAS केके पाठक के दिल्ली जाने के बाद कार्मिक विभाग अतिरिक्त चार्ज के सहारे चल रहा है। शुचि त्यागी को यह प्रभार सौंपा है, जबकि उनके पास पहले से ही परिवहन विभाग जैसा भारी भरकम विभाग है। इसी प्रकार IAS जोगाराम एक साल से पंचायतीराज विभाग के सचिव का प्रभार संभाल रहे हैं। प्रमोटी 20 आईएएस अफसरों को सरकार ने पोस्टिंग नहीं दी है। ऐसे में यह तय है कि जल्द ही राजस्थान की ब्यूरोक्रेसी में बदलाव होगा। 22 साल की उम्र में IAS बन गए थे
पंचायत की स्कूल से पढ़े वी. श्रीनिवास 22 साल की उम्र में IAS बन गए थे। विदेश मंत्रालय, कपड़ा मंत्रालय, संस्कृति मंत्रालय के साथ काम कर चुके हैं। पूर्व विदेश मंत्री जसवंत सिंह के निजी सहायक भी रहे हैं। AIIMS, दिल्ली के डिप्टी डायरेक्टर रहते हुए वी. श्रीनिवास ने डिजिटल AIIMS प्रोजेक्ट लॉन्च किया था। इसके तहत उन्होंने ई-हॉस्पिटल सिस्टम इंट्रोड्यूस किया था। इस नवाचार से मरीजों को लंबी लाइनों से छुटकारा मिल सका। ऑस्ट्रिया के कैंडिडेट को हराकर बने IIAS अध्यक्ष
3 जून 2025 को बेल्जियम के ब्रूसेल्स में IIAS की एक्स्ट्रा-ऑर्डिनरी जनरल असेंबली मीटिंग हुई थी। इसी दौरान चुनाव हुए, जिसमें वी. श्रीनिवास को 141 में से 87 वोट मिले। ऑस्ट्रिया के कैंडिडेट को सिर्फ 54 वोट मिले। पहली बार किसी भारतीय ने IIAS के प्रेसिडेंट का चुनाव जीता। वी. श्रीनिवास साल 2025-28 के लिए इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव साइंसेज यानी IIAS के अध्यक्ष है।
— राजस्थान के मुख्य सचिव की यह खबर भी पढ़िए… वी श्रीनिवास राजस्थान के नए मुख्य सचिव बने:कल चार्ज लेंगे, 17 साल केंद्रीय डेपुटेशन पर रहे, पूर्व पीएम नरसिम्हाराव के रिश्तेदार हैं राज्य सरकार ने 1989 बैच के आईएएस अफसर वी श्रीनिवास को राजस्थान का नया मुख्य सचिव बनाया है। कार्मिक विभाग ने रविवार को नियुक्ति के आदेश जारी किए। सुधांश पंत के रिलीव होने के साथ ही श्रीनिवास सोमवार (17 नवंबर) को चार्ज लेंगे। श्रीनिवास पिछले सात साल से केंद्रीय डेपुटेशन पर थे। उन्हें 14 नवंबर की शाम को ही केंद्रीय डेपुटेशन से राजस्थान के लिए रिलीव किया गया था। (पूरी खबर पढ़ें)
