तरनतारन के गांव घरियाला में सतनाम सिंह नामक एक युवक ने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। सुसाइड नोट में सतनाम सिंह ने अपनी मौत के लिए 2 लोगों को जिम्मेदार ठहराया। युवक ने सुखचैन सिंह पुत्र गुरदीप सिंह और सलविंदर कौर पत्नी सुखचैन सिंह को जिम्मेदार ठहराया है। सुसाइड नोट में दोनों व्यक्ति उसकी कैंसर पीड़ित मां का अपमान करते हैं और परिवार को भी परेशान करते हैं, जिससे तंग आकर सुसाइड कर रहा हूं। मृतक की मां बोली- तीन महीने से परेशान था बेटा मृतक की मां बलबीर कौर ने बताया कि सुखचैन सिंह का बेटा जसमेर सिंह और बख्शीश सिंह पिछले तीन महीनों से उन्हें लगातार परेशान कर रहे थे। दोनों ने परिवार को जान से मारने की धमकियां भी दी थी, जिसके कारण उनके बेटे ने यह कदम उठाया। बलबीर कौर ने यह भी बताया कि उनके पति का निधन लगभग 12 साल पहले हो गया था। परिजनों का आरोप- पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है और उन्हें टाल रही है। उनका कहना है कि राजनीतिक दबाव के कारण पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई से बच रही है, जबकि उनका परिवार आम लोगों से है और उनका कोई राजनीतिक जुड़ाव नहीं है। परिजन बोले- कार्रवाई होने तक संस्कार नहीं करेंगे मृतक के परिवार ने घोषणा की है कि जब तक पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती, वे सतनाम सिंह का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। उन्होंने सरकार और पुलिस के उच्च अधिकारियों से उनकी बात सुनने और न्याय दिलाने की अपील की है। सतनाम सिंह अपने पीछे एक बुजुर्ग मां, पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं।
