जयपुर में एक तरफ स्मार्ट सिटी के नाम पर बड़े-बड़े प्रोजेक्ट्स चल रहे हैं, वहीं दूसरी ओर लोग शहर में कचरे से परेशान हैं। टूटी सड़कों और नाले के कवर टूटने से जान का खतरा बना हुआ है। इससे शहर के सरकारी हॉस्पिटल जेके लोन में आने वाले लोग भी परेशान हैं। दैनिक भास्कर के सिविक इश्यू सेगमेंट पर लगातार लोग अपनी समस्या बता रहे हैं। आम जनता का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। आगे पढ़िए भास्कर के सिविक इश्यू में आई शिकायतें… जेके लोन अस्पताल के पास गंदगी का अंबार शहर के प्रमुख बाल चिकित्सालय जेके लोन अस्पताल के पास स्थित गली में लंबे समय से कूड़ा पड़ा है। स्थानीय निवासी संजय सिंह ने बताया कि अस्पताल के बिल्कुल पास गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। इससे यहां आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य को बड़ा खतरा है। यह इलाका अस्पताल के कारण बेहद संवेदनशील है, लेकिन सफाई व्यवस्था यहां दम तोड़ चुकी है। टूटी सड़क के कारण गिर रही जनता वार्ड 117 के दीपक गंगवानी बताते हैं कि जगतपुरा स्थित अरावली हिल्स रेलवे कॉलोनी की गलियों में सड़कें इतनी टूट चुकी हैं कि हर दिन कोई न कोई गिरता है। पार्षद को कई बार शिकायत दी, लेकिन आज तक न कोई निरीक्षण हुआ और न मरम्मत का काम शुरू हुआ। बारिश के बाद सड़कें और ज्यादा खराब हो गई हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। पत्रकार कॉलोनी में कूड़े का ढेर वार्ड 149 के योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि पत्रकार कॉलोनी के आम रास्ते पर कूड़े का जमावड़ा इतना बढ़ गया है कि सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। बदबू लगातार फैल रही है। आवारा पशु कचरे के ढेर के पास जमा रहते हैं। कई बार ये पशु वाहनों के सामने आ जाते हैं, जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया है। लेकिन शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हो रहा है। सांगानेर में सीवर का फैला पानी वार्ड 53 के मोईद कागजी ने बताया कि सांगानेर के कई हिस्सों में महीनों से सीवर का पानी सड़कों पर बह रहा है। VIP गली और जामा मस्जिद के आसपास की स्थिति बहुत खराब है। बच्चों के खेलने की जगह तक नहीं बची। कई बार शिकायत दी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। बदबू से घरों में रहना मुश्किल हो रहा है, मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ा है। लेकिन प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है। महेश नगर में टूटा सीवर टैंक वार्ड 86 के अभिषेक ने बताया कि महेश नगर के सी-ब्लॉक स्थित जेडीए पार्क के पास सीवर टैंक का ढक्कन महीनों से टूटा पड़ा है। सीसी रोड निर्माण के दौरान ढक्कन टूट गया था। शिकायतों के बावजूद आज तक इसे ठीक नहीं किया गया। यह कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। स्थानीय लोग रोज इस रास्ते से गुजरते हैं, बच्चों के गिरने का भी डर बना रहता है। इसका जल्द समाधान होना चाहिए। वरना जल्द बड़ा हादसा हो सकता है। जयपुर के बुनियादी काम अटके आम जनता ने कहा कि शहर के कुछ हिस्सों पर तो स्मार्ट सिटी का ठप्पा दिख रहा है, लेकिन बड़ी आबादी अभी भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। जबकि हकीकत में सड़कों की जल्द से जल्द मरम्मत होनी चाहिए। सीवर लाइन की सफाई, कचरा प्रबंधन में सुधार के साथ ही आवारा पशुओं के लिए प्रभावी व्यवस्था की जानी चाहिए। आप भी कर सकते हैं पोस्ट अब लोग अपनी बात सीधे दैनिक भास्कर ऐप पर रख रहे हैं। दैनिक भास्कर ऐप के ‘सिविक इश्यू’ सेक्शन में गली या मोहल्ले की समस्या लिखकर और फोटो लगाकर पोस्ट की जा सकती है। अगर आपने इस सेक्शन में किसी समस्या को लेकर पोस्ट किया और उसका समाधान हो गया है तो आप पोस्ट कर बता सकते हैं कि आपकी समस्या का समाधान हो चुका है। यहां क्लिक करें। ये भी पढ़ें… जयपुर की सड़कों की बदहाली से जनता परेशान:स्मार्ट सिटी योजना कागजों में सिमटी, टूटी सड़कों और गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा दैनिक भास्कर अब जयपुर शहर की जनता की परेशानियों को सिविक इश्यू के माध्यम से उठा रहा है। शहर के अलग-अलग हिस्सों से लोगों की समस्याएं सामने आ रही हैं। कहीं जलभराव है, टूटी सड़कों, और कहीं कचरे के ढेरों से फैली बदबू आम जनता को परेशान कर रही है। बारिश का मौसम खत्म हुए कई महीने बीत चुके हैं, लेकिन शहर के कई इलाकों में हालात अभी भी जस के तस बने हुए हैं। टूटी सड़कों और गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। ( पढ़े पूरी खबर ).