पंजाब के बिजली मंत्री और लुधियाना पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव अरोड़ा ने लटकते बिजली तारों को हटाने के लिए तैयार किए गए पायलट प्रोजेक्ट की औपचारिक शुरुआत की। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य शहर में फैले खतरनाक तारों के जाल को खत्म कर लोगों को सुरक्षित और सुचारू बिजली व्यवस्था प्रदान करना है। मंत्री ने बताया कि लंबे समय से क्षेत्र में नीचे लटक रही बिजली की तारों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। इस समस्या को दूर करने के लिए पहले ही टेंडर जारी किया जा चुका था, और अब इसका काम पश्चिमी हल्के की यूनिट-1 सब डिवीजन से शुरू किया गया है। पूरे पंजाब में लागू करेंगे यह काम संजीव अरोड़ा ने कहा कि वे नीचे लटकते तारों से क्षेत्र को निजात दिलाएंगे। आज उसी वादे को पूरा करने की दिशा में यह अहम कदम उठाया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि यह पायलट प्रोजेक्ट आगे चलकर पंजाब की 86 सब-डिवीजनों में भी लागू किया जाएगा। संजीव अरोड़ा ने अपने लक्ष्य को दोहराते हुए कहा कि पूरे राज्य में बिजली व्यवस्था को मजबूत, सुरक्षित और बाधा-रहित बनाया जाए, जिससे किसी भी तरह की रुकावट या दुर्घटना की संभावना खत्म हो सके। प्रोजेक्ट पर खर्च होंगे 4.77करोड़ इस प्रोजेक्ट पर कुल 4 करोड़ 77 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं, जिसमें से 1.18 करोड़ रुपए लेबर कॉस्ट पर खर्च होंगे, जबकि बाकी सामग्री विभाग द्वारा उपलब्ध करवाई जाएगी। पायलट प्रोजेक्ट को दो महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
