भारतीय जनता पार्टी के सोशल मीडिया प्रचार का जवाब देने के लिए कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं को सच को जानना होगा। देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित नेहरु और इंदिरा गांधी को लेकर सोशल मीडिया पर की जाने वाली भ्रामक और झूठी बातों का जवाब देने के लिए सेवादल कार्यकर्ताओं को कांग्रेस का अध्ययन करना चाहिए। ये बात पार्टी नेताओं ने मंगलवार को सीताराम भवन में शुरू हुए तीन दिवसीय ट्रेनिंग कैंप में कही। सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष कमल कल्ला ने उद्घाटन सत्र में कहा कि भाजपा सहित राष्ट्र विरोधी ताकते देश के खतरा बन चुकी है। झूठी बातें फैलाकर सत्ता में आए लोगों को बाहर करने के लिए सेवादल को सही तस्वीर जनता के सामने रखनी होगी। सेवादल के राजस्थान प्रभारी गोविन्द भाई ने कहा कि यह सही अवसर है, जब सेवादल को आगे आना होगा। उन्होंने सेवादल कार्यकर्ता को अनुशासन में रहना होगा। लोकसभा में कांग्रेस प्रत्याशी रहे मदन गोपाल मेघवाल ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अपनी ताकत दिखानी होगी। इस दौरान वक्ता श्याम नारायण रंगा ने कहा कि अधिकांश कांग्रेस कार्यकर्ता स्वयं कांग्रेस को पढ़ते नहीं है। उन्हें ऑपरेशन ब्लू स्टार, राजीव गांधी हत्याकांड और इमरजेंसी के बारे में सही तथ्यों को पढ़ना चाहिए। जवाहर लाल नेहरु के चित्रों को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रम को मिटाने के लिए तथ्यों के साथ बात रखनी होगी। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के समय और आज के बीच आए अंतर से साफ है कि कांग्रेस ने क्या किया। तीन दिन का आवासीय शिविर इस दिन के आवासीय शिविर में बीकानेर शहर और देहात के पांच सौ से ज्यादा कार्यकर्ता हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान ध्वज वंदन, वंदेमातरम्, राष्ट्रीय गीत और राष्ट्र गान का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान महिला सेवादल कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में पहुंची है। ये रहे शिविर में उपस्थित ऑल इंडिया कांग्रेस सेवादल के राष्ट्र निर्माण विभाग की कॉर्डिनेटर विशाखा, बीकानेर शहर कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत, देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, प्रदेश सचिव सुखदेव नाथ, सेवादल के संभाग प्रभारी विमल भाटी, शहर अध्यक्ष अनिल व्यास, देहात अध्यक्ष राम निवास गोदारा, संगठन महासचिव मनोज व्यास, शिविर प्रभारी बसंत व्यास आदि ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में पार्टी के पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला, गोविन्द मेघवाल, भंवर सिंह भाटी बुधवार को शिविर में शामिल होंगे।