पंजाब के खन्ना में रत्नहेड़ी अंडरब्रिज के पास एक रेल हादसे में एक महिला और दो वर्षीय बच्चे की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। रेलवे पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। खन्ना जीआरपी चौकी प्रभारी चमकौर सिंह ने बताया कि उन्हें स्टेशन मास्टर से रत्नहेड़ी के पास हुए हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने महिला और बच्चे के शव बुरी तरह से क्षत-विक्षत हालत में पाए। यह हादसा जनसभा एक्सप्रेस ट्रेन से हुआ। ट्रेन ड्राइवर ने ही दी जानकारी ट्रेन के ड्राइवर ने पुलिस को फोन पर बताया कि महिला बच्चे को गोद में लेकर रेलवे लाइन पार कर रही थी, तभी वे ट्रेन की चपेट में आ गए। शवों की नहीं हो सकी पहचान चौकी प्रभारी के अनुसार, रेलवे पुलिस ने आसपास काफी पूछताछ की, लेकिन मृतकों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। शवों को खन्ना सिविल अस्पताल की मोर्चरी में 72 घंटे के लिए रखवाया गया है। इस अवधि में पहचान न होने पर उनका लावारिस मानकर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
