बाड़मेर में एक शादीशुदा ज्वेलर से मिलने उसके घर आई गर्लफ्रेंड ने 25 लाख का सोना लूट लिया। कोल्ड ड्रिंक और नाश्ते में नशीला पदार्थ मिलाकर ज्वेलर को पिलाया, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद घर आए स्टाफ के सदस्य ज्वेलर होश में लेकर आए। इस बीच घर में रखी तिजोरी टूट चुकी थी और उसमें रखा 20 तोला सोना भी गायब था। घटना बाड़मेर शहर के हिंगलाज मंदिर के पास आज शाम करीब 4 बजे की है। पुलिस ने ज्वेलर की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। वहीं सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ आरोपी महिला की तलाश की जा रही है। महिला ने मंदिर जाने के लिए किया था कॉल
पीड़ित सवाई पुत्र गोमदाराम ने बताया- मेरा घर गायत्री चौक में है। परिचित महिला का मेरे पास कॉल आया, उसने कहा- मुझे माताजी के मंदिर जाना है। मंदिर मेरे घर के पास ही है, मैंने साथ लेकर जाने के लिए कह दिया। बुधवार को मेरी पत्नी पीहर गई हुई थी, वहीं भाई- भाभी गांव बिशाला गए हुए थे। मैं घर पर अकेला था। ऐसे में हमने पहले चाय और बिस्कुट खाए। फिर पानी की बोतल लेकर दोनों मेरे घर पर गए। महिला ने मुझे बातों में उलझाकर कोल्ड ड्रिंक और नाश्ते में कुछ मिला दिया। इससे मुझे चक्कर आने लगे और बेहोश हो गया। ज्वेलर का कहना है- नाश्ता में क्या था, इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। थोड़ी देर बाद मेरा स्टाफ आया और मेरे चेहरे पर पानी डाला तो मैं उठा। पीड़ित ने बताया- इसके बाद घर में रखी तिजोरी को चेक किया तो उसमें से जेवरात गायब थे। करीब 20 तोला सोना महिला लेकर जा चुकी थी। सीसीटीवी फुटेज पर आरोपी महिला की तलाश जारी
कोतवाली के एसआई लिच्छाराम ने बताया- वॉट्सऐप के जरिए ज्वेलर और महिला की दोस्ती हुई थी। सवाई महिला को अपने घर पर लेकर गया। वहां पर पेयजल में नशीला पदार्थ पिलाया। उसके बाद करीब 20 तोला सोने के आभूषण लूट कर ले गई। रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ आरोपी महिला गौरी की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है- सवाई और महिला की जान पहचान एक शादी समारोह में हुई थी। इसके बाद दोनों मोबाइल पर फोन के जरिए बात करते रहे। बुधवार को सुबह करीब 10 बजे बाड़मेर पहुंची थी। महिला जैसलमेर की है, जिसकी शादी बालोतरा में हुई है।