कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने एसआईआर के मुद्दे पर बीजेपी और चुनाव आयोग पर तंज कसा है। पायलट ने कहा- भारतीय जनता पार्टी संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग धड़ल्ले से कर रही है। बिहार के एसआईआर में निर्वाचन आयोग को आगे रखकर जिंदा लोगों को मरा हुआ दिखाया। मरे हुए लोगों के नाम जुड़वाए। एक मकान में 250 से ज्यादा वोट बनवाए और यह जो मिलीभगत का काम हो रहा है। इसके विरोध में हम सब लोग हैं। पायलट जयपुर में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। पायलट ने कहा- एसआईआर में हम गड़बड़ी नहीं करने देंगे। हमने अपने कार्यकर्ताओं, नेताओं और विधायकों को कहा है कि क्षेत्र में जाएं। कोई गड़बड़ी की आशंका नहीं बने इसलिए हम सब धरातल पर जाकर जो फॉर्म है, जो मापदंड तय किए हैं, उसके आधार पर हम सभी ध्यान रखेंगे। राहुल गांधी ने वोट चोरी के प्रमाण दिए, इसके बावजूद जांच नहीं करवा रहा आयोग पायलट ने कहा- राहुल गांधी हरियाणा,महाराष्ट्र में हुई वोट चोरी के तथ्य और प्रमाण दे रहे हैं, इसे बावजूद निर्वाचन आयोग कोई जांच नहीं कर रहा। उल्टा राहुल गांधी से ही एफिडेविट मांग रहे हैं। निर्वाचन आयोग एक संवैधानिक संस्था है, उसकी जिम्मेदारी बनती है। आप किसी विचारधारा से बंधे हुए नहीं है, आपको जांच करानी चाहिए। दुर्भाग्यवश चुनाव आयोग ऐसा नहीं कर रहा है। चुनाव आयोग मनमानी नहीं करे, किसी खास दल का हित नहीं साधे सचिन पायलट ने कहा- हम सब चाहते हैं कि वोटर लिस्ट की छंटनी हो और गलत नाम उसमें ना जोड़े जाएं। आज जो देश का माहौल है, कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के तमाम नेता सब लोग सब जगह इसका विरोध क्यों कर रहे हैं? यह पहली बार तो हो नहीं रहा है, विरोध इसलिए हो रहा है कि जिस जल्दबाजी में और जिस मंशा के साथ बिहार में एसआईआर किया था वो हम सबने देखा है। हम नहीं चाहते कि निर्वाचन आयोग अपने मनमाने तरीक़े से किसी भी दल का राजनीतिक हित साधे। इस महीने दिल्ली में होगी कांग्रेस की बड़ी सभा पायलट ने कहा- कांग्रेस पार्टी ने निर्णय लिया है कि इस महीने के आखिर में दिल्ली में बड़ा आयोजन होगा। हमने हस्ताक्षर अभियान चलाया है वोट चोर गद्दी छोड़, इसके बारे में इस मुद्दे को पूरे देश में हम चला रहे हैं, इसका समापन दिल्ली में होगा।
