फाजिल्का जिले में एक 50 वर्षीय की बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना तब हुई जब वह कीकरखेड़ा के पास झाड़ियां काट रहे थे। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उन्हें पहले सरकारी अस्पताल ले जाया गया, फिर फरीदकोट रेफर किया गया और उसके बाद श्रीगंगानगर के एक अस्पताल में उनकी मौत हो गई। देर शाम उनके शव को अबोहर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। झाड़ियां काटते वक्त लगा करंट जानकारी के अनुसार, सुखदेव सिंह पुत्र बचित्र सिंह आज दोपहर कीकरखेड़ा के निकट झाड़ियां काट रहे थे। इसी दौरान अचानक वह बिजली के तारों की चपेट में आ गए और करंट लगने से बेहोश होकर वहीं गिर पड़े। आसपास काम कर रहे अन्य मजदूरों ने उन्हें उठाया और परिजनों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें फरीदकोट रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए श्रीगंगानगर ले गए, जहां देर शाम उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही गांव की पंचायत के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए।