आम आदमी पार्टी पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा खन्ना के एएस कॉलेज में इंटर जोनल यूथ फेस्टिवल में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) चंडीगढ़ विवाद पर केंद्र सरकार और भाजपा की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पिछले 11 सालों से पंजाब और पंजाबियत को चुनौती दी जा रही है। अरोड़ा ने आरोप लगाया कि भाजपा लगातार पंजाबियों के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने पीयू को केवल पंजाब या चंडीगढ़ का नहीं, बल्कि पूरे देश का संस्थान बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और भाजपा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अन्य संस्थानों की तरह पीयू पर भी कब्जा करने और उसके सदियों पुराने सिस्टम को खत्म करने की कोशिश कर रही है। ऐसी आग से खेलना बंद करें, अन्यथा आपका ही नुकसान होगा- अरोड़ा अमन अरोड़ा ने केंद्र सरकार को चेतावनी दी कि “ऐसी आग से खेलना बंद करें, अन्यथा आपका ही नुकसान होगा।” अरोड़ा ने कहा कि पंजाब और यहां के छात्रों ने इस कोशिश का मुंहतोड़ जवाब दिया है। उन्होंने कल हुए “अत्याचार” को भी निंदनीय बताया। इस अवसर पर पंजाब के कैबिनेट मंत्री और खन्ना से विधायक तरुणप्रीत सिंह सौंध ने एएस कॉलेज की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह 117 साल पुराना संस्थान है, जिसने कई अधिकारी, डॉक्टर, इंजीनियर और राजनेता दिए हैं। सौंध ने कॉलेज को “हमारा ब्रांड” बताया। 117 सालों से शिक्षण संस्थान चला रही मैनेजमेंट सोसाइटी कैबिनेट मंत्री ने बताया कि इस मैनेजमेंट सोसाइटी के तहत 117 सालों से शिक्षण संस्थान चल रहे हैं, जिनमें वर्तमान में 4 स्कूल और 3 कॉलेज शामिल हैं, जहां 7 से 8 हजार छात्र पढ़ते हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि भगत पूर्ण सिंह ने भी इसी संस्थान से शिक्षा प्राप्त की थी। सौंध ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रबंधन की प्रशंसा की और संस्थान के साथ हमेशा खड़े रहने का आश्वासन दिया।