जयपुर शहर (पश्चिम) पुलिस ने नेशनल सीड्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड की ऑनलाइन परीक्षा में फर्जीवाड़ा करने के आरोप को गिरफ्तार कर लिया है। फरार आरोपी मनोज कुमार पर 25,000 रुपए का इनाम था। यह कार्रवाई सोमवार को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, अपराध शाखा, राजस्थान द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त जयपुर शहर (पश्चिम) हनुमान प्रसाद ने बताया- अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल के नेतृत्व में डीएसटी प्रभारी गणेश सैनी और वैशाली नगर थानाधिकारी राजेश सिंह की टीमों ने इस गिरफ्तारी को अंजाम दिया। जयपुर के कालवाड़ में सुंदरियावास का रहने वाला मनोज कुमार पुत्र बंशीधरको पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, मनोज कुमार नेशनल सीड्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड की एग्री ट्रेनी भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़े में शामिल था। उसने MEID सॉफ्टवेयर और डिजिटल उपकरणों का उपयोग करके कंप्यूटर सेंटर संचालकों के साथ मिलकर षड्यंत्र रचा। इस दौरान हैकरों/साथियों की मदद से प्रश्नपत्र हल करवाकर नकल कराई गई। इस कार्य के लिए प्रत्येक छात्र से 50-50 हजार रुपए एडवांस लिए गए थे। आरोपी ने लैब हेरिटेज वायुना में सेंटर हेड के रूप में अपनी भूमिका निभाई थी। मनोज कुमार की गिरफ्तारी के लिए 17 अप्रैल को पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम के कार्यालय आदेश संख्या 505-15 के तहत 25,000 रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
