बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर बीजेपी प्रदेशभर में 15 नवंबर तक जनजागरण अभियान चलाएगी। कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक मिथिलेश गौत्तम ने बताया- इस जनजागरण अभियान के तहत बिरसा मुंडा सहित सभी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। 13, 14 और 15 नवंबर को भाजपा जनजाति वर्ग के सेनानियों के स्मारकों पर स्वच्छता अभियान के साथ दीपोत्सव मनाएगी। 15 नवंबर को राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर डूंगरपुर में विशाल जनजाति सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने न केवल अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष किया, बल्कि जनजातीय समाज में समरसता, स्वाभिमान और धर्मांतरण के विरोध में भी सशक्त आंदोलन चलाया था। कांग्रेस ने जनजाति के इतिहास को दबाया
इस मौके पर एसटी मोर्चे के अध्यक्ष नारायण मीणा ने बताया- कांग्रेस ने अपने राजनीतिक लाभ के लिए महापुरुषों के इतिहास को दबाने का काम किया। उन्होंने सिर्फ अपनी पार्टी के नेताओं का ही बखान किया। इनमें से एक बिरसा मुंडा भी रहे। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इतिहास के पन्नों में खोए ऐसे महापुरुषों के योगदान और बलिदान के बारे में युवा पीढ़ी को जानने का मौका मिले। इसके लिए इन महापुरुषों की जयंती पर अभियान चलाने का निर्णय लिया। इसी कड़ी में बीजेपी बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। उन्होंने बताया कि बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों में जनजाति बाहुल्य जिलों में शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। साथ ही 13 से 15 नवंबर के बीच बिरसा मुंडा, काली बाई, गोविंद गुरु, पूंजा भील, मानगढ़ धाम आदि स्मारकों और मूर्तियों की सफाई कर दीपोत्सव मनाया जाएगा। अपने क्षेत्र से जुड़ी समस्या को दैनिक भास्कर एप के सिविक इश्यू में पोस्ट करने के लिए क्लिक करें।
