लुधियाना शहर के शिमलापुरी इलाके में एक बेकरी मालिक पर पूर्वांचल समाज के मान-सम्मान और आस्था को ठेस पहुंचाने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए बिहारी समुदाय के प्रतिनिधि लुधियाना पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे और औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता विजय सिंह बहादुर रोड हौजरी कॉम्प्लेक्स ने बताया कि शिमलापुरी के रहने वाले और बेकरी का काम करने वाले साजन नामक व्यक्ति जो मेन रोड पर दुकान चलाता हैं, ने बिहारी समाज की आस्था को लेकर बेहद आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी की है। गालियां और अपशब्दों का इस्तेमाल किया विजय सिंह के अनुसार, आरोपी ने छठ महापर्व के बारे में गालियां और अपशब्दों का इस्तेमाल किया, जिसे पिछले कई सालों से लुधियाना में पूरा समाज बहुत अच्छे ढंग और सम्मान से मनाता आ रहा है। उन्होंने कहा हमारे मान-सम्मान पर ठेस पहुंचाई गई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि दोषी व्यक्ति की गालियों और समाज को तोड़ने की कोशिश करने वाली कई वीडियो उनके पास मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि वे ये वीडियो CP साहब को दिखाकर कठोरतम कार्रवाई की मांग करेंगे। भाई चारा बिगाड़ने की कोशिश विजय सिंह ने आरोप लगाया कि यह व्यक्ति हमेशा समाज के बारे में बुरा बोलता है और उसके पास गालियों के सिवा कुछ नहीं है। उसका मकसद समाज को तोड़ने की कोशिश करना है। पुलिस कमिश्नर से समुदाय की मांग समुदाय ने पुलिस कमिश्नर को लिखित दरख्वास्त देकर यह मांग की है कि दोषी व्यक्ति साजन बेकरी मालिक के खिलाफ तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। ऐसी कार्रवाई हो ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति समाज को तोड़ने या किसी की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने का दुस्साहस न करे। समुदाय के लोगों ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे न्याय के लिए अगला कदम उठाने को मजबूर होंगे।
