जिला पुलिस ने रविवार को वांछित अपराधियों की धरपकड़ और जिले में अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए ‘एरिया डोमिनेशन अभियान’ चलाया। पुलिस महानिदेशक के निर्देशों की पालना में इस एक दिवसीय विशेष अभियान में जिला पुलिस ने कुल 209 बदमाशों को पकड़ा है। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि यह कार्रवाई उनके निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व सभी वृत्ताधिकारियों के सुपरविजन में की गई। इस अभियान के लिए कुल 61 टीमों का गठन किया गया, जिसमें 242 पुलिसकर्मी शामिल थे। इन 61 टीमों ने जिलेभर में कुल 351 स्थानों को चिह्नित कर दबिशें दीं। कार्रवाई के दौरान स्थायी वारंटी, गिरफ्तारी वारंटी, सामान्य प्रकरणों में लिप्त आरोपी और निरोधात्मक कार्रवाई (धारा 126/170) के तहत गैरसायल लोगों सहित कुल 209 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के अंतर्गत शहर के कोतवाली, सदर, राजतलाब, महिला थाना और जिले के दानपुर, आंबापुरा, गढ़ी, अस्थुना, लोहारिया, कुशलगढ़, पाटन, सज्जनगढ़, कसारवाड़ी, कलिंजरा, सल्लोपाट, आनंदपुरी, खमेरा, मोटागांव और घाटोल समेत कुल 19 थानों की टीमों ने कार्रवाई की। राजतलाब थाने में सर्वाधिक 23 गिरफ्तारियां हुईं, जिनमें इनामी वारंटी भी शामिल थे। जबकि कसारवाड़ी थाने में 25 आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए भविष्य में भी इस तरह के विशेष धरपकड़ अभियान निरंतर जारी रहेंगे।
