बारां अंता विधानसभा उपचुनाव के अंतिम दिन रविवार को कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया के समर्थन में कांग्रेस ने शक्ति प्रदर्शन किया। जैन तीर्थ बमूलिया से शुरू हुआ रोड शो मांगरोल शहर पहुंचा, जहां कृषि उपज मंडी प्रांगण में विशाल आमसभा आयोजित की गई। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग उमड़े। रोड शो बटावदी, बूंदी, बिजोरा, पलसावा, काचरी, पचेलखुर्द, पचेलकलां, सरकन्या, मूंडली भैरूजी, महुआ और किशनपुरा सहित विभिन्न गांवों से होकर गुजरा। जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा और नारों के साथ कांग्रेस नेताओं का स्वागत किया। इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, सांसद मुरारीलाल मीणा, पूर्व मंत्री शांति धारीवाल, चुनाव प्रभारी अशोक चांदना, सह प्रभारी सी.एल. प्रेमी, विधायक भैरोंसिंह परिहार, सुरेश गुर्जर, अनिता जाटव, पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल, करणसिंह राठौड़, निर्मला सहरिया और जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे। इन नेताओं ने जनता से 11 नवंबर को ‘पंजे’ के निशान पर बटन दबाकर भाया को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। कांग्रेस की योजनाओं की चर्चा देश-विदेश तक- गहलोत अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता आज भी उन योजनाओं को याद करती है। गहलोत ने दावा किया कि उनकी सरकार ने जनता को जो मांगा, वह दिया, और उनकी योजनाओं की चर्चा देश-विदेश में भी होती है। उन्होंने 25 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज, निशुल्क ऑपरेशन, दवा, स्कूटी, पेंशन और छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हर वर्ग के लिए काम किया। भजनलाल सरकार ‘टाइमपास पर्ची की सरकार’ गहलोत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। उन्होंने इसे ‘टाइमपास पर्ची की सरकार’ बताया और कहा कि मुख्यमंत्री, मंत्रियों या विधायकों की नहीं चलती। गहलोत ने आरोप लगाया कि भजनलाल सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा की भी आलोचना करते हुए कहा कि जो अधिकारी को थप्पड़ मारे और समाज को भड़काए, वह नेता नहीं हो सकता। किसानों की फसलें नष्ट, कोई सुनवाई नहीं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पिपलोदी गांव में दलित बच्चों की मौत पर नहीं गए, लेकिन चुनाव आते ही दो-दो बार हेलिकॉप्टर से अंता पहुंच गए। उन्होंने कहा कि किसानों की फसलें नष्ट हो गईं, लेकिन न मुआवजा मिला, न कोई सुनवाई हुई। “भाजपा ने कांग्रेस की इंदिरा रसोई और मुफ्त राशन जैसी योजनाएं बंद कर दीं। अपराध और दुर्घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हो रही है।”
सांसद मुरारीलाल मीणा ने कहा कि भाजपा सरकार आने के बाद बेरोजगारी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। राजनीति जातिवाद पर नहीं, जनता के विकास पर होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही सभी 36 कौम को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। चुनाव प्रभारी अशोक चांदना ने कहा कि प्रमोद जैन भाया सेवा और समर्पण की मिसाल हैं। “वे असहाय पशु-पक्षियों के लिए निशुल्क चिकित्सालय चलाते हैं। वे वोट नहीं देते, लेकिन उनकी दुआएं भायाजी के साथ हैं।” उन्होंने बताया कि भाया ने हजारों गरीब परिवारों के विवाह निशुल्क करवाए हैं। पूर्व मंत्री शांति धारीवाल ने कहा कि अंता की जनता के पास अपनी गलती सुधारने का मौका है। “दो साल पहले जो गलती हुई, अब उसे ठीक करने का समय है। कांग्रेस शासन में स्वीकृत मांगरोल-बारां सड़क आज तक पूरी नहीं हो सकी। भाजपा सरकार केवल दिखावे में व्यस्त है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के विकास कार्य खुद मिसाल हैं — “चंबल की नहर नेहरू की देन है, जबकि भाजपा को धर्म तभी याद आता है जब चुनाव आते हैं।” धारीवाल ने भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन और निर्दलीय नरेश मीणा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “एक पर हाईकोर्ट की स्टे है, दूसरे पर 25 से अधिक मुकदमे हैं। ऐसे लोग जनता की सेवा नहीं कर सकते।” उन्होंने कहा कि भाया ने हर गांव में सेवा की है और “जहां जनता का पसीना गिरेगा, वहां भाया अपना खून बहाने को तैयार हैं।” सभा के अंत में प्रमोद जैन भाया ने कहा, “मैंने हमेशा समाज की सेवा को ही अपना धर्म माना है और मरते दम तक करता रहूंगा। अंता को बिहार नहीं बनने दूंगा। यह चुनाव जनता के आत्मसम्मान और विकास की लड़ाई है।”कांग्रेस नेताओं ने जनता से अपील की कि वे 11 नवम्बर को एकजुट होकर कांग्रेस प्रत्याशी भाया को विजयी बनाएं, ताकि अंता में विकास की नई राह खुले और गहलोत सरकार की योजनाएं फिर से धरातल पर उतरें। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि भाजपा वोट चोरी करने वाली पार्टी बन चुकी है। उन्होंने कहा, “भाजपा के लोग अपराधियों को टिकट देते हैं और लोकतंत्र की हत्या करते हैं। बाबा साहब अंबेडकर के संविधान ने हर नागरिक को एक वोट का समान अधिकार दिया है। चाहे अडाणी हो या आम आदमी, सबके वोट की कीमत बराबर है।” डोटासरा ने कहा कि मीणा समाज हमेशा कांग्रेस की रीढ़ की हड्डी रहा है और इस बार भी कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करेगा।