अजमेर में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार 2 युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक होटल में वेटर का काम करते थे और रात को एक शादी से लौट रहे थे। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। यह हादसा अजमेर की रातीडांग कॉलोनी में शनिवार रात 2:06 बजे हुआ। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पहले देखिए, हादसे से जुड़ी 2 PHOTOS… कार ने 2 युवकों को जोरदार टक्कर मारी
हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना प्रभारी महावीर प्रसाद शर्मा ने बताया- रातीडांग कॉलोनी में ओंकारेश्वर मंदिर के पीछे वाले चौराहे पर शनिवार रात करीब 2:06 बजे तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार 2 युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रातीडांग निवासी मोहसिन (30) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा आजाद सिंह (25) गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक शादी से लौट रहे थे। एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर
महावीर प्रसाद शर्मा ने बताया- हादसे की जानकारी मिलते ही आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने मोहसिन को मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरे युवक का इलाज जारी है। CCTV के आधार पर पुलिस कार की तलाश में जुटी है। कार टक्कर मारते ही बिना रुके भागा ड्राइवर
स्थानीय लोगों ने बताया- कॉलोनी में लंबे समय से स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अधिकारियों ने इस पर कभी ध्यान नहीं दिया। यदि स्पीड ब्रेकर होता, तो शायद यह हादसा टल सकता था। हादसे का CCTV फुटेज आया सामने
यह घटनाक्रम कॉलोनी में एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। सीसीटीवी में नजर आ रहा है कि गली से पहले एक तेज रफ्तार कार निकली थी। उसके पीछे एक और कार तेज रफ्तार में आई। इस दौरान दूसरी गली से बाइक सवार युवक आ रहे थे। बाइक चला रहे युवक ने हॉर्न भी बजाया था, लेकिन कार तेज रफ्तार में थी। कार ने बाइक को टक्कर मारी तो दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर गए। कार ड्राइवर बिना रुके फरार हो गया। हादसे में घायल युवक उठकर सड़क पर बैठ गया।
