अजमेर में सियालदाह अजमेर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12987) से कचरा बाहर फेंकने का मामला सामने आया है। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए कार्मिक को बर्खास्त कर दिया और ठेका फर्म को भी दंडित किया है। वीडियो में ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग स्टाफ (OBHS) के एक कर्मचारी को चलती ट्रेन से कचरा फेंकते हुए देखा गया था। मामला 4 नवम्बर का है और आगरा के पास कर्मचारी संजयसिंह ने कचरा फैंका। इसका एक यात्री ने वीडियो बना लिया और बाद में रेलवे को भेज दिया तथा सोशल साइट पर पोस्ट कर दिया। प्रशासन की जानकारी में मामला 7 नवम्बर को सामने आया। प्रशासन ने मामले की जांच कराई और जांच के बाद ये कार्रवाई की। अजमेर मंडल के सीनियर डीसीएम मिहिर देव ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद ठेकेदार के उस कर्मचारी को बर्खास्त कर दिया गया है। साथ ही, ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ओबीएचएस कर्मचारियों को केवल निर्दिष्ट स्टेशनों पर ही कचरा फेंकने के लिए निर्देशित किया तथा तत्काल प्रभाव से परामर्श अभियान शुरू किया गया है। साथ ही यात्री सेवाओं में सुधार के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।