आम जनता में जागरूकता जरूरी साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए आम जनता में जागरूकता जरूरी है। क्योंकि लोग जागरूकता के अभाव में साइबर अपराध के चंगुल में फंस जाते हैं और आसानी से ठगी का शिकार हो जाते हैं। इसकी रोकथाम के लिए अपनी संवेदनशील जानकारी को अनधिकृत व्यक्ति को न बताएं, अपने पासवर्ड सुरक्षित रखें, अपने द्वारा उपयोग किए जाने वाले सॉफ्टवेयर या एप्लिकेशन या वेबसाइट की प्रामाणिकता की जांच करें, अविश्वसनीय लिंक पर क्लिक न करें, पैसे कमाने वाले झूठे विज्ञापनों के झांसे में न आएं। – प्रकाश भगत, चांदपुरा, कुचामन सिटी ———————————– बहुस्तरीय प्रयास जरूरी आजकल साइबर क्राइम आम बात है। इन अपराधों पर अंकुश के लिए सुरक्षा कानूनों को और कठोर बनाया जाए तथा उनका कड़ाई से पालन हो। उन्नत तकनीक से लैस साइबर सेल स्थापित कर त्वरित जांच और कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। लोगों को साइबर साक्षरता और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना अनिवार्य है। बैंकिंग, ई-कॉमर्स और सोशल मीडिया प्लेटफार्मों को मजबूत सुरक्षा प्रोटोकॉल अपनाने चाहिए, तभी साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। – अमृतलाल मारू ‘रवि’, इंदौर, मप्र ———————————– जागरूकता अभियान चले साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कानून, उन्नत तकनीक और व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाना बहुत जरूरी है जब देश का नागरिक जाग जाएगा तब यह साइबर अपराध अपने आप खत्म हो जाएंगे। साइबर अपराध से बचने के लिए कॉलेजों और कार्यस्थलों पर साइबर सुरक्षा शिक्षा को अनिवार्य कर देना चाहिए और नागरिकों को फिशिंग धोखाधड़ी फर्जी कॉल ई-मेल से बचाव के तरीके सिखाने चाहिए। कोई भी अनजान व्यक्ति बैंक, टेलीफोन, बिजली, आयकर या पुलिस विभाग का बनकर आपकी जानकारी मांगे तो बिल्कुल नहीं देना चाहिए बल्कि पहले विभाग से संपर्क करना चाहिए। अनजान लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट न तो भेजनी चाहिए और न ही स्वीकार करनी चाहिए क्योंकि ऐसे लोग दोस्ती कर सारी जानकारी ले लेते हैं और अपराध को अंजाम देते हैं। ऐसे लोगों से विशेष रूप से सावधान रहना चाहिए। जब लोग खुद जागरूक होंगे तभी इस समस्या को जड़ से खत्म कर सकेंगे। – मीना सनाढ्य, उदयपुर, राजस्थान ———————————– व्यापक स्तर पर चले जागरूकता अभियान व्यापक स्तर पर साइबर सुरक्षा के बारे में जागरूकता अभियान चलाए जाएं। वहीं बच्चों को इंटरनेट सुरक्षा के बारे में शिक्षित करना और उनके उपकरणों पर पेरेंटल कंट्रोल सॉफ्टवेयर का उपयोग करें। अक्सर हैकर्स सॉफ्टवेयर की कमजोरियों का फायदा उठाते हैं इसलिए सभी सॉफ्टवेयर और ऑपरेटिंग सिस्टम को हमेशा अपडेट करते रहना चाहिए। – श्रीभगवान कनौऑ, बाड़ी, धौलपुर ———————————– साइबर सुरक्षा: समय की सबसे बड़ी जरूरतसाइबर अपराधों पर नियंत्रण पाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। इसके लिए त्वरित दंड की व्यवस्था, साइबर पुलिस व विशेषज्ञ टीमों की तैनाती, जन-जागरूकता अभियान की जरूरत है। शैक्षणिक पाठ्यक्रमों में साइबर सुरक्षा का समावेश तथा हेल्पलाइन व ऑनलाइन पोर्टल को और अधिक प्रभावी बनाना जरूरी है। – कविता बिरम्हान, जयपुर ———————————–