वंदेमातरम गीत के 150 साल पूरे होने पर शुक्रवार सुबह जयपुर में राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सवाई मान सिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में करीब 50 हजार लोग शामिल होंगे। इस मौके पर सभी लोग वंदेमातरम गीत का सामूहिक गायन करेंगे। कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक भूपेंद्र सैनी ने बताया कि कल सुबह साढ़े 7 बजे एसएमएस स्टेडियम में कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड सहित सरकार के मंत्री शामिल होंगे। कार्यक्रम में महापुरुषों की झांकी सजाई जाएगी। वहीं, मुख्यमंत्री की ओर से लोकल फॉर लोकल की शपथ भी दिलाई जाएगी। इसके साथ ही पैराओलिंपिक खिलाडिय़ों का सम्मान भी किया जाएगा। कल प्रदेश में जयपुर सहित दस जगहों पर एक साथ वंदे मातरम कार्यक्रम होगा। मशाल जुलूस का आयोजन
राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने की पूर्व संध्या पर जयपुर में बीजेपी की ओर से मशाल रैली का आयोजन किया। मशाल रैली अंबेडकर सर्किल से प्रारम्भ हुई, जिसका समापन अमर जवान ज्योति पर हुआ। रैली में सैकंडों युवाओं ने भाग लिया और देशभक्ति गीतों के साथ भारत माता की जय के नारे लगाए। रैली में जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, जयपुर शहर अध्यक्ष अमित गोयल, उप महापौर पुनीत कर्णावत सहित पार्टी पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं भी शामिल हुए।