कोटा में ऑनलाइन गेम्स (सट्टा) चलाने से रोकने पर एक व्यक्ति को धमकाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर किशोरपुरा थाने में मामला दर्ज किया गया है। सिंधी कॉलोनी निवासी परिवादी मुकेश छाबड़िया ने इस संबंध में सिटी एसपी को शिकायत दी थी। किशोरापुरा थाना SI दुर्गा शंकर ने बताया कि दोनों पक्षों में आपसी कहासुनी हुई थी। परिवादी का कहना है कि ऑनलाइन गेमिंग चलाने पर टोकने पर जय सिंह उदासी नाम के व्यक्ति ने उसे धमकाया, जिस पर 4 नवंबर को जय सिंह उदासी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ऑनलाइन सट्टा रोकने पर मिली धमकी
शिकायत में परिवादी ने बताया कि वह कांच फिटिंग का काम करता है। सिंधी कॉलोनी में जय सिंह नाम का व्यक्ति ईमित्र की आड़ में (खालसा ई मित्र) ऑनलाइन गेम्स (सट्टे) चलाता है, जिसकी वजह से युवा ऑनलाइन गेम्स खेल रहे हैं और बर्बाद हो रहे हैं। एक दिन सोशल मीडिया पर जय सिंह ने उल्टा सीधा लिखा तो उसने भी उसे जवाब देते हुए उल्टा सीधा बोल दिया। जय सिंह ने भाजपा नेता व पुलिस में अच्छी पहचान होने की वजह से उसका स्क्रीनशॉट निकालकर थाने में दिखाया और उसे 107,151 धाराओं में पाबंद करवा दिया। जानमाल का खतरा, झूठे केस में फंसाने की आशंका
उसे ब्लेक मेलर बताते हुए उसके खिलाफ झूठी खबर छपवा दी। जय सिंह पहले भी दुबई से ऑनलाइन सट्टा चलाता रहा है। उसने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर धमकी दी कि अगर तू पुलिस में जाएगा तो पुलिस भी हमारा कुछ नहीं करेगी। सीआई व डीएसपी मेरे खास है। परिवादी का आरोप है कि उसे जय सिंह उदासी से जान माल का खतरा है। यह व्यक्ति कभी भी अपने दबाव व प्रभाव से उसे झूठे केस में फंसा सकता है।