सीकर शहर की कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर धरपकड़ कर आज मारपीट व किडनैपिंग के 2 फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली थाने के सीआई सुनील जांगिड़ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने 20-22 अन्य आरोपियों के साथ गत 28 जून को दिनदहाड़े सीकर शहर के वार्ड नंबर 30 में मारपीट और किडनैपिंग की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद आरोपी फरार हो गए थे, पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों का पीछा किया। आज पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने किडनैपिंग व मारपीट के आरोपी मो. साहिल व मो. राहिल को गिरफ्तार किया है। इससे पहले 28 जून को मोहल्ला कुरेशियान निवासी गजन्फर अली ने रिपोर्ट दी थी कि स्कोर्पियो, स्विफ्ट और 3 मोटरसाईकिल पर सवार होकर आए लगभग 20-25 बदमाशों ने परिवादी के साथ मारपीट की और शाकिब को उठाकर ले गए। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरु की थी। पुलिस ने अपराधियों की टेक्निकल डिटेल्स के आधार पर आरोपियों की मुखबिरी शुरु कर आज 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में 2 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में ASI विद्याधर सिंह, हैड कांस्टेबल कल्याण सिंह और कांस्टेबल शुभकरण की विशेष भूमिका रही।
