राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल (RSOS) द्वारा देश में पहली बार शुरू की गई ऑन डिमांड परीक्षा का पहला परिणाम सोमवार को जारी कर दिया गया। स्कूल शिक्षा शासन सचिव कृष्ण कुणाल ने यह परिणाम घोषित किया। इस अवसर पर कुणाल ने बताया कि ऑन डिमांड परीक्षा की सुविधा से ऐसे अभ्यर्थी जो किसी कारणवश परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए थे, उनका साल बर्बाद नहीं होगा। वे अपनी सुविधा के अनुसार परीक्षा देकर अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे। जारी परिणाम के अनुसार, कक्षा 10 के 8 विषयों में ऑन डिमांड परीक्षा के लिए कुल 149 विद्यार्थी प्रविष्ट हुए थे, जिनमें से 52 सफल घोषित किए गए हैं। इसी तरह, कक्षा 12 के 11 विषयों की परीक्षा में शामिल हुए 66 विद्यार्थियों में से 32 उत्तीर्ण हुए हैं। इस परिणाम घोषणा के दौरान राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल की निदेशक अनुपमा जोरवाल और आरएससीईआरटी की निदेशक श्वेता फगेडि़या सहित कई अधिकारी उपस्थित थे। राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल की सचिव अरुणा शर्मा ने बताया कि ऑन डिमांड परीक्षा की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संपन्न की गई है।