लुधियाना में आम आदमी पार्टी से जुड़े होने का झांसा देकर पंजाब के एक कारोबारी से ₹1 करोड़ की ठगी का मामला सामने आया है। माडल टाउन एक्सटेंशन निवासी नरिंदर सिंह बावा की शिकायत पर दो लोगों पर केस दर्ज किया गया है। ACP की जांच के बाद नवदीप सोहल और उसके पिता बलदेव सिंह सोहल निवासी BRS नगर के खिलाफ धारा 420 और 120-B IPC के तहत सराभा नगर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। PPCB मेंबर बनाने के नाम पर 1 करोड़ की ठगी नरिंदर सिंह बावा ने अपनी शिकायत में बताया कि नवंबर 2022 में नवदीप सोहल उसकी पत्नी नेहा और पिता बलदेव सिंह उनसे मिले और खुद को AAP से जुड़ा बड़ा नेता बताने लगे। उन्होंने कहा कि उनके “दिल्ली के शीर्ष नेताओं” से करीबी संबंध हैं और वे बावा को पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PPCB) का सदस्य बनवा सकते हैं। इसी भरोसे में बावा ने 17 दिसंबर 2022 तक करीब ₹1 करोड़ की राशि अलग-अलग किश्तों में दी। आखिरी किश्त 27 दिसंबर 2022 ₹10 लाख की नेहा सोहल को दी गई थी। पैसे मिलने के बाद आरोपी पक्ष ने बावा को व्हाट्सऐप पर लिखकर संदेश भी भेजा। वादे पूरे न होने पर मांगे पैसे, मिली धमकियां बावा के अनुसार जब महीनों बीत गए और कोई नियुक्ति नहीं हुई तो उन्होंने पैसे वापस मांगे। आरोप है कि इसके बाद नवदीप और बलदेव सोहल ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया कि “उन्हें झूठे केस में फंसा देंगे।”
बावा ने बताया कि अब उनकी जान को भी खतरा है। जिसके बाद नरिंदर सिंह बावा की शिकायत पर नवदीप सिंह सोहल व उसके पिता बलदेव सिंह सोहल के खिलाफ आईपीसी की धारा 420,120-बी के तहत मामला दर्ज किया गया है।
