मोहाली में सीआईए स्टाफ ने 45 ग्राम हेरोइन के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस के नेतृत्व में की गई। जानकारी के अनुसार, सीआईए स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर हरमिंदर सिंह के निर्देश पर एसआई गुरप्रताप सिंह अपनी टीम के साथ मोहाली से खरड़ की ओर गश्त कर रहे थे। खरड़ के किला कॉम्प्लेक्स के पास एक सफेद स्कूटी के पास खड़े दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने तुरंत पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 45 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। एक आरोपी पर पहले से दर्ज हैं केस गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चरणजीत सिंह उर्फ चन्नी (35), निवासी कुराली (फिलहाल खरड़) और परमिंदर सिंह उर्फ पम्मा (30), निवासी स्वराज एन्क्लेव, सेक्टर-127, खरड़ के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, चरणजीत सिंह के खिलाफ पहले भी थाना मुल्लांपुर गरीबदास में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है, जबकि परमिंदर सिंह का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी खरड़ में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है। अदालत में पेश करने के बाद उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे हेरोइन कहां से लाते थे और आगे किसे सप्लाई करते थे।