Rajasthan : शाहपुरा (सीकर)। करवा चौथ का त्योहार, जब सुहागिनें अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं, उसी दिन एक महिला का सुहाग उजड़ गया। शाहपुरा कस्बे में गुरुवार को विद्युत निगम के 33/11 केवी सब स्टेशन पर काम करते समय 35 वर्षीय ठेका कर्मी रणजीत जाखड़ की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, धोद थाना क्षेत्र के शाहपुरा कस्बे में अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के 33/11 केवी सब स्टेशन पर निजी कंपनी के ठेका कर्मी रणजीत जाखड़ पुत्र मोतीराम, निवासी जेतपुरा, गुरुवार दोपहर करीब 3.30 बजे काम कर रहे थे। इसी दौरान हादसे से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें तत्काल नेछवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को नेछवा मोर्चरी में रखवाया गया। ठेका कर्मी की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने डीडवाना रोड स्थित विद्युत निगम के पावर हाउस पर ताला लगा दिया।
