हनुमानगढ़ के संगरिया ब्लॉक के दो साइक्रेटिक क्लिनिक के औचक निरीक्षण में हाजिरी रजिस्टर में अनियमितताएं सामने आई हैं। जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव के निर्देश पर सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने सोमवार को श्री रूद्रा साइक्रेटिक क्लिनिक और न्यू आदर्श क्लिनिक का निरीक्षण किया। इस दौरान दवाइयों के स्टॉक, स्टाफ और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई। दोनों संस्थानों के हाजिरी रजिस्टर में उपस्थिति कॉलम खाली मिलने पर संबंधित संचालकों से जवाब मांगा जाएगा। दवाइयों के स्टॉक और स्टाफ की जांच सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान क्लिनिक में उपलब्ध दवाइयों के स्टॉक का मिलान किया गया। साथ ही स्टाफ से संबंधित जानकारी और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई, ताकि मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का पता लगाया जा सके। मरीजों से फोन पर की क्रॉस वेरिफिकेशन निरीक्षण के दौरान क्लिनिक से दवाइयां लेने वाले मरीजों से फोन पर संपर्क किया गया। उनसे इलाज और दी गई दवाइयों के बारे में जानकारी लेकर क्लिनिक के रिकॉर्ड का क्रॉस वेरिफिकेशन किया गया। इससे मरीजों को मिल रही चिकित्सा सेवाओं और दवाइयों की जानकारी का मिलान किया गया। हाजिरी रजिस्टर में उपस्थिति कॉलम खाली जांच के दौरान दोनों क्लिनिक के हाजिरी रजिस्टर में उपस्थिति दर्ज करने वाले कॉलम खाली मिले। इस संबंध में क्लिनिक संचालक संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। सीएमएचओ ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी करने और संचालकों से स्पष्टीकरण मांगने की बात कही। जवाब के आधार पर होगी कार्रवाई डॉ. शर्मा ने कहा कि संबंधित क्लिनिक संचालकों से जवाब मांगा जाएगा। यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों को सही इलाज और निर्धारित दवाइयां मिलना सुनिश्चित करने के लिए क्लिनिक की व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।