जिले में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियानों के तहत डीग पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक स्थायी वारंटी और अवैध खनन मामले के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन शिकंजा 2.0 के तहत थाना पहाड़ी पुलिस ने स्थायी वारंटी जुबेर खान (45) पुत्र अजीत मेव, निवासी सतवाड़ी, थाना पहाड़ी को गिरफ्तार किया। आरोपी चोरी के एक पुराने मामले में स्थायी वारंट के चलते फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे थाना कामां पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं, ऑपरेशन पृथ्वी के तहत अवैध खनन से जुड़े मामले में पुलिस ने इरसाद (28) पुत्र इस्लाम, निवासी लहरवाड़ी, थाना पुन्हाना, जिला नूंह, हरियाणा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार 25 अक्टूबर की देर शाम मुखबिर से मिली सूचना पर आरोपी को पहाड़ी स्थित कृषि उपज मंडी के पास से पकड़ा गया। डीग पुलिस के अनुसार जिले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।
