दौसा जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में डेटिंग ऐप के जरिए युवक से संपर्क कर उसे घर के बाहर बुलाने और फिर अपहरण कर लूटपाट करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि वारदात में शामिल अन्य चार आरोपियों की तलाश जारी है। रास्ता पूछने के बहाने कार में खींचा
पुलिस के अनुसार, परिवादी ने 25 अक्टूबर को सीएचसी सिकंदरा में रिपोर्ट दी कि 24 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे वह घर के बाहर अपनी भैंस की देखभाल कर रहा था। इसी दौरान कार में सवार कुछ लोग वहां पहुंचे और उससे रास्ता पूछने लगे। युवक रास्ता बताने लगा तो कार में बैठे बदमाशों ने उसे जबरन अंदर खींच लिया। आरोपी युवक को बावनपाड़ा की नदी के पास ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की। बदमाशों ने उसका मोबाइल छीनकर पासवर्ड पूछा और फोन-पे के जरिए करीब 92 हजार रुपए अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। आरोपियों ने युवक की सिम और चांदी की अंगूठी भी छीन ली। खुद को इंटेलिजेंस ब्रांच का पुलिसकर्मी बताकर उसे धमकाया और बाद में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास एनएच-21 से करीब आधा किलोमीटर दूर छोड़कर फरार हो गए। डेटिंग ऐप पर चैटिंग करने पर हुई थी पहचान
पुलिस की जांच में सामने आया कि परिवादी पोलो डेटिंग ऐप का इस्तेमाल करता था। आरोपियों ने कथित तौर पर ऐप के जरिए उससे चैटिंग की और उसे बातों में उलझाकर घर के बाहर मिलने के लिए बुलाया। परिवादी जब कार में सवार छह लोगों को देखकर घबराया और विरोध करने लगा तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और वारदात को अंजाम दिया। चार पुलिस टीमों ने किया खुलासा
मानपुर डिप्टी एसपी अशोक कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी कुंदन कंवरिया के निर्देश पर चार टीमों का गठन किया। टीमों ने मुखबिरों से सूचना जुटाने, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल रेंटल स्विफ्ट कार जब्त कर ली है।