लुधियाना के गांव अबूपुरा से सुधार की तरफ जा रहे एक टेंपो चालक को बाइक सवार दो बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में घेरकर लूट लिया। बदमाशों ने खुद को नशे के खिलाफ बताते हुए चालक पर ‘चिट्टा’ बेचने का झूठा आरोप लगाया और गर्दन पर कृपाण रखकर 38 हजार रुपये की नकदी छीन ली। थाना सुधार पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना सुधार के एसएचओ राजवरिंदरपाल सिंह ने बताया कि पीड़ित हरबंस सिंह निवासी तलवंडी खुर्द, मुल्लांपुर स्थित ‘चाचा कैटल फीड फर्म’ में चालक के रूप में काम करता है। वह विभिन्न क्षेत्रों में पशु आहार की सप्लाई कर ग्राहकों से पेमेंट एकत्र करता है। वारदात के समय वह अबूपुरा से फीड की सप्लाई देकर और 38 हजार रुपये की पेमेंट लेकर खाली टेंपो से सुधार की ओर लौट रहा था। फिल्मी अंदाज में आगे लगाई बाइक, गर्दन पर रखी कृपाण रास्ते में मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने टेंपो के आगे बाइक लगाकर उसे जबरन रोक लिया। बाइक चला रहे गुरिंदर सिंह और पीछे बैठे अजीत सिंह उर्फ बिज्जू (निहंग बाने में) ने चालक को नीचे उतारा और उस पर ‘चिट्टा’ (नशा) बेचने का आरोप मढ़ दिया। इससे पहले कि चालक कुछ समझ पाता, आरोपी ने उसकी गर्दन पर कृपाण टिका दी और जेब में रखे 38 हजार रुपये निकालकर मौके से फरार हो गए। सोमवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी पुलिस पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों—गुरिंदर सिंह (निवासी गांव बोपाराय कलां) और अजीत सिंह उर्फ बिज्जू (निवासी गांव ढट्ट) को गिरफ्तार कर लिया है। एसएचओ ने बताया कि आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि लूटी गई रकम, वारदात में इस्तेमाल हथियार और उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की गहनता से जांच की जा सके।
