अबोहर में बहुचर्चित अजय हत्याकांड को लेकर इंसाफ की मांग कर रहे पीड़ित परिवार का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। सरकारी अस्पताल में चल रहे अनिश्चितकालीन धरने को समर्थन देने रविवार को भाजपा के दिग्गज नेता पहुंचे। पूर्व राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग अध्यक्ष विजय सांपला और पंजाब अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शीतल अंगुराल ने धरनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और हर संभव मदद का भरोसा दिया। धरने को संबोधित करते हुए भाजपा नेता शीतल अंगुराल ने राज्य की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, “यदि 1 तारीख (1 नवंबर) को मुख्यमंत्री भगवंत मान अबोहर आते हैं, तो हम उनका डटकर विरोध करेंगे और पीड़ित परिवार के लिए इंसाफ की मांग करेंगे।”
पुलिस अधिकारियों से की बात, धाराएं बढ़ाने की मांग दोनों नेताओं ने धरनास्थल से ही पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से सीधी बातचीत की। विजय सांपला और शीतल अंगुराल ने मांग की कि दर्ज प्राथमिकी (FIR) की धाराओं की पुन: समीक्षा की जाए। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त और अतिरिक्त धाराएं जोड़ी जाएं। जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विजय सांपला ने कहा कि दलित युवक की हत्या और उसके बाद परिवार का इंसाफ के लिए सड़क पर बैठना दिखाता है कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
विधायक संदीप जाखड़ और भाजपा जिलाध्यक्ष भी पहुंचे अबोहर के विधायक संदीप जाखड़ ने भी धरने को संबोधित करते हुए पीड़ित परिवार की मांगों का समर्थन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि यदि वे 1 नवंबर को अबोहर आते हैं, तो उन्हें अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिलना चाहिए और उनकी सहायता करनी चाहिए। इसके साथ ही भाजपा के जिलाध्यक्ष सुखविंदर सिंह काका कंबोज भी अपनी पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि AAP सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और राज्य में दिन-दहाड़े हत्याएं हो रही हैं। जब तक दोषियों को सख्त सजा नहीं मिलती, भाजपा पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।