लुधियाना बस स्टैंड के बाहर एक हृदयविदारक सड़क हादसे में 5 साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। बच्ची अपने दादा के साथ अपने पैतृक गांव कुशीनगर (उत्तर प्रदेश) जाने के लिए बस स्टैंड पहुंची थी। मेन रोड पार करते समय एक तेज रफ्तार छोटे हाथी (लोडिंग वाहन) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। ‘गांव जाने के लिए जिद कर रही थी, रोने पर साथ भेजा था’ ताजपुर रोड (मछली अड्डा) निवासी और पेशे से मजदूर, पीड़ित पिता मोनू यादव ने रोते हुए बताया कि उनके पिता (बच्ची के दादा) गांव जाने के लिए लुधियाना आए थे। वे बच्चों को अपने साथ गांव ले जाना चाहते थे। पहले छोटी बेटी को भेजने की बात हुई थी, लेकिन 5 साल की बड़ी बेटी अनन्या यादव भी गांव जाने के लिए जिद करने लगी। पिता ने भावुक होते हुए कहा, “मैंने उसे रोकने के लिए दो थप्पड़ भी मारे और कमरे के अंदर कर दिया, लेकिन वह रोने लगी कि उसे भी गांव जाना है। उसके रोने पर हमने उसे दादा के साथ भेज दिया। मैं खुद उन्हें ऑटो में बैठाकर बस स्टैंड छोड़ कर आया था।” ‘दो बड़े ऑपरेशनों के बाद हुई थी बेटी’ पिता मोनू यादव ने रोते हुए अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि अनन्या का जन्म दो बड़े ऑपरेशनों और काफी इलाज के बाद बहुत मुश्किल से हुआ था, जिसमें उनका काफी पैसा भी खर्च हुआ था। आज इस हादसे ने उनकी पूरी दुनिया उजाड़ दी है। पीड़ित पिता ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी बेटी की जान लेने वाले वाहन चालक को जल्द से जल्द ढूंढकर सख्त से सख्त सजा दी जाए। सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, कार्रवाई का आश्वासन घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है। चौंकी कोचर मार्केट (थाना डिवीजन नंबर 5) के हेड कांस्टेबल हरविंदर सिंह ने बताया कि सुबह हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी वाहन और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मासूम के शव को परिजनों को सौंप दिया है, जिसे अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव ले जाने की तैयारी की जा रही है।
