लुधियाना के चंद्र नगर इलाके के अंतर्गत आते हरगोबिंद नगर में एक मामूली सड़क हादसे ने भयंकर विवाद का रूप ले लिया। एक क्रेटा कार और ई-रिक्शा के बीच हुई मामूली टक्कर के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और नौबत ईंट-पत्थर चलने तक आ गई। मामूली टक्कर से शुरू हुई बहस: जानकारी के मुताबिक क्रेटा कार में एक परिवार सवार था जबकि ई-रिक्शा में चालक और एक सवारी मौजूद थी। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई जो जल्द ही हिंसक झड़प और मारपीट में बदल गई। जान बचाने के लिए बोनट पर घसीटा: विवाद बढ़ने पर वहां मौजूद लोगों ने कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। भीड़ के हमले से बचने के लिए कार चालक ने गाड़ी भगाई इस दौरान एक व्यक्ति कार के बोनट पर गिर गया। चालक उसी हालत में उसे करीब 500 मीटर तक बोनट पर ही घसीटता हुआ ले गया। पीछे से बरसे ईंट-पत्थर: भागती हुई कार और चालक को रोकने के लिए पीछे से कुछ लोगों ने ईंटें और पत्थर भी बरसाए जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत हरकत में आई। मामले की जानकारी देते हुए चौकी जगतपुरी के इंचार्ज सुखजिंदर ने बताया कि फिलहाल पुलिस द्वारा दोनों पक्षों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। जांच में जो भी पक्ष गलत पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
