उदयपुर में वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद भारत में रह रही थाईलैंड की एक महिला को डिटेन किया गया है। उसकी वीजा अवधि जुलाई 2025 में खत्म हो चुकी थी। जानकारी के अनुसार, महिला अपनी मित्र की मौत के बाद अहमदाबाद से उदयपुर पहुंची थी। अब संबंधित एजेंसियां उसके डॉक्यूमेंट्स और भारत में रहने की स्थिति की जांच कर रही हैं। CID विशेष शाखा (वीजा) जोन उदयपुर टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए महिला को गीतांजलि हॉस्पिटल से पकड़ा है। महिला के खिलाफ इमिग्रेशन एवं फॉरेनर्स एक्ट, 2025 के तहत निष्कासन की कार्रवाई की जा रही है। वीजा अवधि खत्म होने पर अवैध रूप से रह रही थी CID को सूचना मिली थी कि उदयपुर के गीतांजलि हॉस्पिटल में थाईलैंड की नागरिक मिस बेंजामास सुक्सोमपोंग की 22 अक्टूबर को इलाज के दौरान हो गई है। मृतका की वीजा अवधि भी समाप्त हो चुकी थी। वह निर्धारित अवधि से अधिक समय तक भारत में रह रही थी। सूचना में यह भी सामने आया कि मृतका से मिलने के लिए उसकी एक महिला मित्र अहमदाबाद से गीतांजलि हॉस्पिटल पहुंची है, जो खुद भी वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद भारत में अवैध रूप से निवास कर रही है। इस पर सीआईडी विशेष शाखा की टीम ने गीतांजलि हॉस्पिटल पहुंचकर जांच की। इस दौरान थाईलैंड की नागरिक मिस सोमपोर्न लेंगथाइसोंग (43 वर्ष) मिली। पूछताछ और दस्तावेजों की जांच में सामने आया कि महिला की वीजा अवधि जुलाई 2025 में ही समाप्त हो चुकी थी। इसके बावजूद वह भारत में रह रही थी। इस पर टीम ने महिला को डिटेन कर लिया। नारी निकेतन में रखा, निष्कासन की कार्रवाई जारी सीआईडी विशेष शाखा की ओर से डिटेन की गई थाईलैंड की नागरिक मिस सोमपोर्न लेंगथाइसोंग को फिलहाल उदयपुर के नारी निकेतन में रखा है। उसके विरुद्ध इमिग्रेशन एवं फॉरेनर्स एक्ट, 2025 के तहत भारत से निष्कासन की कार्रवाई की जा रही है।
