नागौर। राजस्थान के पंचायत चुनाव में नागौर जिले की बरणगांव ग्राम पंचायत का मुकाबला बेनीवाल परिवार की आपसी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के चलते चर्चा में है। यहां सरपंच पद के लिए सांसद हनुमान बेनीवाल की दो भाभियां आमने-सामने हैं। उनके बड़े भाई स्वर्गीय रामप्रसाद बेनीवाल की पत्नी मीरा बेनीवाल और दूसरे बड़े भाई प्रेमसुख बेनीवाल की पत्नी राजबाला बेनीवाल चुनाव मैदान में हैं। दोनों सगी बहनें हैं, लेकिन सरपंच की कुर्सी के लिए अब एक-दूसरे के सामने चुनौती पेश कर रही हैं। ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए कुल छह महिला प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रही हैं।
