जयपुर के 300 साल पूरे होने से पहले एक साल तक जश्न मनाने के कार्यक्रम के तहत 25 कैटेगरी में अलग-अलग विभूतियों को अवार्ड दिए गए। सिटी पैलेस स्थित प्रीतम निवास चौक में गुरुवार को वार्षिक ‘सवाई जयपुर अवॉर्ड्स 2026’ दिए गए। ब्रिगेडियर सवाई भवानी सिंह, एमवीसी ऑफ जयपुर की जयंती पर समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जयपुर पूर्व राजपरिवार के सदस्य पद्मनाभ सिंह, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और गौरवी कुमारी ने बॉलीवुड सिंगर कैलाश खेर को महाराजा सवाई माधो सिंह द्वितीय अवॉर्ड और राइटर अमीश त्रिपाठी को महाराजा सवाई प्रताप सिंह अवॉर्ड दिया। साथ ही दैनिक भास्कर राजस्थान के स्टेट एडिटर किरण राजपुरोहित को महाराजा सवाई ईश्वरी सिंह अवॉर्ड दिया गया। समारोह में समाज सेवा, चिकित्सा, संस्कृति, पारंपरिक शिल्प, पर्यावरण, पर्यटन, पत्रकारिता, साहित्य, शिक्षा, कला, फोटोग्राफी, थिएटर, फिल्म, खेल, उद्योग और विरासत संरक्षण सहित 25 क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए पुरस्कार दिए गए। इन पुरस्कारों के नाम जयपुर के इतिहास, पूर्व राजपरिवार और उससे जुड़ी प्रमुख विभूतियों के नाम पर रखे गए हैं। समाज सेवा से चिकित्सा तक, इन क्षेत्रों में मिला सम्मान कैलाश खेर ने सिटी पैलेस से जुड़ी यादें भी सुनाई सिंगर कैलाश खेर ने ‘तेरी दीवानी’ गाने की दो लाइनें भी पेश की और सिटी पैलेस से जुड़ी यादें भी सुनाईं। उन्होंने कहा- यहां अवार्ड लेना घर में सम्मान पाने जैसा है। मैं इस परिवार में पला हूं। दीया कुमारी ने हमसे संगीत सीखा है। मेरा गाना ‘सैयां…’ इसी सिटी पैलेस में ही शूट हुआ है। जिस जगह पर गाने का एक सीन शूट हुआ था। वही पर यह अवॉर्ड मिला है। यह मेरे लिए बड़ी बात है। पद्मिनी देवी ने कहा- जब कैलाश को सुना, तब यह बच्चे ही थे। तब मैंने कहा था कि तुम अच्छा गाते हो। मेरी बेटी दीया कुमारी को तुम सिखाओ। तब इन्होंने कहा था कि मेरा कुछ चल नहीं रहा है। आप ही मुझे रख लो। तब मैंने कहा था कि तुम्हारी जगह बहुत आगे है। मैं तुम्हे अपने पास रखकर रोक नहीं सकती। तुम्हें बहुत आगे चमकना है और आज हुआ भी यही है।
