सवाई माधोपुर में 1 साल से लापता बहन के नहीं मिलने और मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने से नाराज 12 साल की नाबालिग लड़की बिजली के पोल पर चढ़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गांव की बिजली सप्लाई बंद करवाई। पुलिस ने नाबालिग से बात की, लेकिन वह नीचे नहीं उतरी। नाबालिग कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ गई। नाबालिग ने अपने गले में फंदा भी डाल लिया। समझाने पर करीब 2 घंटे बाद नाबालिग नीचे उतर गई। मामला कुंडेरा थाना इलाके का है। पहले देखिए घटनाक्रम से जुड़ी 2 तस्वीरें… 1 साल से बहन लापता, कार्रवाई नहीं होने से नाराज
नाबालिग के पिता ने बताया- मेरे 6 बेटियां हैं। सितंबर 2024 में मेरी 17 साल की बेटी लापता हो गई थी। ढूंढने के बाद भी उसकी कोई जानकारी नहीं मिली तो 15 नवंबर को हमने थाने में रिपोर्ट भी करवाई थी। लेकिन 1 साल बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस बात से मेरी दूसरे नंबर की बेटी नाराज चल रही थी। अब एक समस्या और आ गई है। गांव में हमारा खुद का मकान है, लेकिन उसका पट्टा नहीं है। हाल ही में आयोजित शिविर में पट्टे के लिए आवेदन भी किया था, लेकिन अब तक पट्टा नहीं बन पाया है। इससे नाराज बेटी बुधवार को दोपहर करीब 3.45 बजे बिजली के पोल पर चढ़ गई। जनवरी 2025 में भी बिजली के पोल पर चढ़ी थी नाबालिग
कुंडेरा थाने के कार्यवाहक SHO अब्दुर्रहमान ने बताया- जनवरी महीने में भी नाबालिग लड़की बिजली पोल पर चढ़ गई थी। उसने लापता बहन को ढूंढने और घर के आगे रास्ते को लेकर मांग की थी। प्रशासन ने उस समय घर के आगे से रास्ता दिलवा दिया था। वहीं लापता बहन को ढूंढ़ने का आश्वासन दिया था। बुधवार को फिर से नाबालिग अपनी मांगों को लेकर बिजली पोल पर चढ़ गई। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के इंतजाम को देखते हुए बिजली पोल के नीचे जाल लगवाया गया। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर बुलाया गया। समझाने पर शाम करीब 6 बजे नाबालिग नीचे उतर गई। इसके बाद गांव की लाइट चालू करवाई गई। पिता ने बेटी के किडनैप की जताई थी आशंका
कुंडेरा थाने में 15 नवंबर 2024 को दी रिपोर्ट में पिता ने बताया था- 17 साल की बेटी 8वीं क्लास में पढ़ती थी। सितंबर 2024 में वह घर से कहीं चली गई। आशंका है कि बेटी का किडनैप किया गया है। इसके बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर नाबालिग को खोजने के प्रयास शुरू किए थे।
