पंजाब के लुधियाना में डेंगू का प्रकोप लगातार जारी है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से हर शुक्रवार को शहर में डेंगू पर वार अभियान चलाया जा रहा है। सार्वजनिक स्थलों की चैकिंग की जा रही है। मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए लोगों से सफाई रखने का आग्रह किया जा रहा है। आज स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार डेंगू के आज 29 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद जिले में डेंगू के कुल मामलों की संख्या 346 हो गई है। अभी वर्तमान में 24 डेंगू के केस एक्टिव है। इन मरीजों का इलाज चल रहा है। राहत की बात यह है कि डेंगू से अभी तक किसी की मौत नहीं हुई है। सिविल सर्जन बोलीं-‘हर शुक्रवार- डेंगू पर वार’ जिले में चिकनगुनिया का भी एक मामला सामने आया है, लेकिन आज कोई नया मामला दर्ज नहीं किया गया। सिविल सर्जन डॉ. रमनदीप कौर ने लोगों को सतर्क रहने और हर शुक्रवार- डेंगू पर वार अभियान के तहत मच्छर प्रजनन को रोकने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी अस्पतालों में मुफ्त डेंगू परीक्षण और उपचार उपलब्ध हैं। डॉ. रमनदीप कौर ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें हर लोगों के घरों, स्कूलों, कार्यालयों, अस्पतालों और बाजार क्षेत्रों का दौरा कर रही हैं। उनका मकसद डेंगू रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाना और मच्छर के लार्वा नष्ट करना है। शरीर ढकने वाले कपड़े पहनने की हिदायत डॉ. कौर ने स्पष्ट किया कि डेंगू का मच्छर केवल खड़े साफ पानी में पनपता है। इसलिए कूलर, गमले, छतों पर रखी टंकियां, पुराने टायर और कबाड़ के सामान में पानी जमा नहीं होना चाहिए। डेंगू का मच्छर दिन में काटता है, इसलिए बच्चों को स्कूल जाते समय पूरी तरह शरीर ढकने वाले कपड़े पहनने चाहिए। स्कूलों और गांवों में जागरूकता गतिविधियां
इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें स्कूलों में बच्चों के लिए जागरूकता लेक्चर, रैलियां और पोस्टर प्रदर्शन करवा रही हैं। आंगनवाड़ी केंद्रों और ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य कर्मचारियों और आशा कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर लोगों को डेंगू रोकथाम की जानकारी दी जा रही है। पंचायतों और स्थानीय निगम अधिकारियों के सहयोग से भी सफाई अभियान संचालित किए जा रहे हैं। लक्षण को पहचानना जरूरी
डॉ. कौर ने लोगों को बताया कि यदि तेज बुखार, शरीर दर्द, सिर दर्द, आंखों के पीछे दर्द या त्वचा पर दाग़ जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में जांच करवाई जाए। जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में डेंगू की जांच और इलाज मुफ्त किया जाता है।