मानसा में एक दुकान पर हुई गोलीबारी के विरोध में आज शहर पूर्ण रूप से बंद रहा। इस घटना के खिलाफ शहरवासियों और विभिन्न राजनीतिक दलों ने सरकार तथा मानसा पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए। घटना बीते कल हुई थी, जब बाइक सवार बदमाशों ने एक दुकान पर गोलियां चलाई थीं। इस घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जिसके चलते आज शहर बंद का आह्वान किया गया था। पंजाब में गैंगस्टर खुलेआम मांग रहे फिरौती मानसा पहुंचे अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि पंजाब में गैंगस्टर राज लगातार बढ़ रहा है और राज्य सरकार इसे खत्म करने में असफल साबित हो रही है। उन्होंने सिद्धू मूसेवाला की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि आज भी गैंगस्टर फिरौती मांग रहे हैं और न देने पर हत्याएं कर रहे हैं। मूसेवाला के पिता ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने भी पंजाब की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गैंगस्टरवाद सरेआम बढ़ रहा है और मुख्यमंत्री इसे रोकने में विफल रहे हैं। उन्होंने मानसा जिले में गैंगस्टरों के बढ़ने और नई पनप रही पीढ़ियों का उल्लेख किया, साथ ही स्कूलों में अध्यापकों को मिल रही धमकियों पर भी चिंता व्यक्त की। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग मानसा के पूर्व विधायक नाजर सिंह मानशाहिया ने पंजाब सरकार को चेतावनी दी कि यदि गोलीबारी करने वालों को तुरंत गिरफ्तार नहीं किया गया, तो सरकार के खिलाफ संघर्ष तेज किया जाएगा। उन्होंने मानसा पुलिस को भी जल्द गिरफ्तारी करने की चेतावनी दी, अन्यथा लोगों के आक्रोश का सामना करने के लिए तैयार रहने को कहा। उन्होंने मुख्यमंत्री से मानसा के एसएसपी और थाना सिटी वन के इंचार्ज के तबादले की भी मांग की।
